कोंच। पिछले चार महीने से लंबित वेतन मांगना सामुदायिक शौचालय बसोब की महिला केयरटेकर को भारी पड़ गया, आरोप है कि वेतन मांगे जाने से गुस्साए सचिव ने जातिसूचक गालियां देते हुए महिला को लात मार दी। पूरे मामले की शिकायत पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस से की है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसोव निवासी महिला सुमन पत्नी मेवालाल ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह गांव में सामुदायिक शौचालय की केयरटेकर है। प्रधान से कई बार कहने के बाद भी सचिव अनुज गुप्ता द्वारा उसे पिछले चार महीने से वेतन नहीं दी गई है। शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे सचिव गांव आए तो उसने अपने लंबित वेतन के भुगतान की मांग की, इससे गुस्साए सचिव उसे जातिसूचक गालियां देने लगे लेकिन इसे नजरंदाज कर वह सचिव के पैर छूकर वेतन दिए जाने की मिन्नत करती रही। महिला ने शिकायती पत्र में बताया कि सचिव ने उसकी एक न सुनी और प्रधान व अन्य तमाम ग्रामीणों के सामने ही उसे लात मार दी और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। मामले को लेकर पीड़ित महिला केयरटेकर ने सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग पुलिस से की है।
वेतन मांगने पर गालियां मिलीं शौचालय की केयरटेकर को
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest