जिला व्यापार बंधु समिति के अंतर्गत मौनी मंदिर के पास स्थित सब्जी मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में व्यापारियों व उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया गया। जिसमे प्रमुखता से जिला व्यापार बंधु समिति के अंतर्गत मौनी मंदिर के पास स्थित सब्जी मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत मांग के अनुक्रम में जिलाधिकारी ने मंडी को स्थानांतरित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस उद्देश्य से रूपए 50 लाख की धनराशि पूर्व में ही स्वीकृत की जा चुकी है, यह भी अवगत कराया गया। तो वहीं राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक की सड़क की चौड़ाई कम होने के मुद्दे पर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि यह कार्य 2025-26 की कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है, और अनुमोदन उपरांत कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा तथा पृथक विद्युत फीडर, कालपी औद्योगिक मार्ग निर्माण तथा कोंच औद्योगिक क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों पर भी चर्चा हुई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों व व्यापारियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ODOP, और शिक्षित बेरोजगार योजना के तहत लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। नवीन औद्योगिक क्षेत्र हेतु संयुक्त समिति गठित की गई, वहीं जोल्हूपुर मोड़ की आरएचएल भूमि से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए। व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत दो व्यापारियों की दुर्घटना मृत्यु पर आश्रितों को ₹10-₹10 लाख की सहायता दी गई।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव, विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
