निलंबित अधिकारियों की बहाली और नियमों के अनुरूप पोस्टिंग की मांग
उरई जालौन। ग्राम पंचायत अधिकारी संघ शाखा जनपद जालौन की बैठक रविवार को पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार प्रातः 11 बजे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पवन कुमार तिवारी ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप वर्मा द्वारा किया गया। बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए और सर्वसम्मति से उनके निराकरण की मांग उठाई गई। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा वाहन भत्ते का रहा, जिसे जनपद जालौन में 2018 से बिना किसी सूचना के बंद कर दिया गया है। प्रस्ताव पारित कर प्रदेश के अन्य जनपदों की भांति जनपद में भी इसे तत्काल बहाल करने की मांग की गई। इसके अलावा पंचायत राज विभाग की जारी की गई वरिष्ठता सूची में संशोधन की आवश्यकता जताई गई और इस संबंध में पत्राचार कराए जाने की सहमति दी गई। विकासखंड डकोर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी बुद्ध सिंह द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रस्ताव में बताया गया कि उन्हें तीन क्लस्टर आवंटित किए गए हैं, जिनकी भौगोलिक स्थिति असंगत है और शासनादेश का उल्लंघन है। संघ ने इस विसंगति को दूर करने की मांग की। इसी तरह, विकासखंड कदौरा के राणा इंद्रजीत सिंह को ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय में संबद्ध किया गया है, जिसे सेवा नियमावली के विरुद्ध बताते हुए उन्हें मूल कार्यों में वापस भेजे जाने की सहमति बनी। निलंबित ग्राम पंचायत अधिकारी अर्चना कुशवाहा व दिलीप पटेल राणा की बहाली का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं, जिला कार्यालय में संबद्ध श्रीमती प्रियंका गुप्ता को भी सेवा नियमों के अनुरूप विकासखंड में पदस्थ करने और ग्राम पंचायत आवंटित करने की बात कही गई। बैठक में तय किया गया कि जिला व विकासखंड स्तर पर शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। इसके अलावा गौशालाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान का भी संकल्प लिया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा। बैठक में जिला मंत्री पवन कुमार तिवारी, प्रांतीय प्रतिनिधि सुरेश चंद्र निषाद, कोषाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित त्रिहाइया, कुलदीप वर्मा, जितेंद्र पटेल, राहुल पहारिया, अजय चौहान, शिवम कौशिक, अभिषेक त्रिपाठी, अनुज कुमार गुप्ता, हर्षित गुप्ता, विनीता पाल, विकास पटेल, बुद्ध सिंह, विनय स्वर्णकार, प्रमोद कुमार, प्रियंका गुप्ता, राणा इंद्रजीत सिंह सहित एक सैकड़ा से अधिक ग्राम पंचायत अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई और सभी प्रस्तावों पर एक स्वर से सहमति दी गई।
