उरई, जालौन। कदौरा थाना पुलिस और एसओजी सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 किलो 268 ग्राम गांजा, एक इटिओस कार, मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने उरई पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना पर कठपूरवा चौराहा बबीना के पास चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान दिव्यांशु व्यास पुत्र शंकरदास व्यास निवासी मोहल्ला तालपुरा, थाना कोटरा, जालौन और शिवा तिवारी उर्फ पार्थ तिवारी पुत्र प्रदीपकुमार तिवारी निवासी मयनपुरा, थाना कोटरा, जालौन के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि मऊरानीपुर (झांसी) निवासी पांडे जी ने उन्हें तस्करी के लिए कार, पेट्रोल के लिए 25 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन दिया था। दोनों अभियुक्त 1 अगस्त 2025 को उड़ीसा के बरगढ़ से गांजे की खेप लेकर मऊरानीपुर लौट रहे थे। इससे पहले भी वे दो बार गांजा ला चुके थे। इस बार पुलिस से बचने के लिए जोल्हूपुर से राठ होकर रास्ता बदलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने दबोच लिया। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
गांजा तस्करी का भंडाफोड़: कदौरा पुलिस और एसओजी ने दो तस्कर दबोचे
