उरई, जालौन। लोक भारती हरियाली अभियान के तहत जनपद जालौन में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और हरित आवरण बढ़ाने हेतु 21 अगस्त 2025 को हरिशंकरी वृक्षारोपण महाअभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान की योजना जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संपन्न जिला वृक्षारोपण समिति एवं अन्य संबंधित समितियों की बैठक में बनाई गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस महाअभियान के अंतर्गत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों के प्रत्येक वार्ड और गौशालाओं में बरगद, पीपल और पाकड़ के पौधे हरिशंकरी वृक्ष त्रयी का रोपण किया जाएगा। समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु ‘वृक्ष मित्र’ व ‘पर्यावरण मित्र’ की अवधारणा पर टीमों का गठन होगा। अभियान को शिक्षा संस्थानों से जोड़ते हुए 1000 विद्यालयों में भी वृक्षारोपण कराया जाएगा। तैयारी कार्य 11, 12 एवं 13 अगस्त को पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने इसे महज आयोजन नहीं, बल्कि पीढ़ियों की सुरक्षा हेतु एक नैतिक संकल्प बताया। बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, वनाधिकारी प्रदीप यादव, डीNसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, समस्त एसडीएम, बीडीओ, एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पूर्व विधायक नरेंद्रपाल सिंह जादौन समेत अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वृक्षारोपण के बाद संरक्षण, सिंचाई और देखभाल की व्यवस्था पर भी विशेष बल दिया गया।
हरिशंकरी वृक्षारोपण महाअभियान: हरियाली ही जीवन है
