उरई, जालौन। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झांसी रोड उरई में छात्रों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संचारी रोगों से बचाव हेतु एक निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नीमा (नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन) के 18 चिकित्सकों की टीम ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन से हुई। छात्रावास अधीक्षक ओमप्रकाश उदैनिया ने नीमा के सभी डॉक्टरों का परिचय कराया। शिविर में छात्रों की ऊंचाई, वजन, आंख, कान, नाक, दांत, त्वचा और पाचन संबंधी समस्याओं की जांच की गई। नीमा अध्यक्ष डॉ. नवेश कुलश्रेष्ठ ने वर्षाकाल में मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव हेतु स्वच्छता और मच्छरदानी के उपयोग पर बल दिया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर. के. गुप्ता ने छात्रों को तनाव प्रबंधन के लिए योग व ध्यान की सलाह दी। डॉ. एसपी बुधौलिया ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद को स्वस्थ जीवनशैली की कुंजी बताया तथा जंक फूड से बचने का आग्रह किया। प्रधानाचार्य अतुल कुमार बाजपेई ने सभी आगंतुक डॉक्टरों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. राहुल दीक्षित, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. राम रतन दीक्षित, डॉ. उदय भान सिंह, डॉ. मनीष अग्रवाल, डॉ. अरुण वीर सिंह, डॉ. जगदीश गुप्ता, डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. शोभित गुप्ता, डॉ. सुभाष, मनीष द्विवेदी, अमित पाठक, राधारमण एवं छात्र उपस्थित रहे।
सरस्वती विद्या मंदिर में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन
