- विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी हुए ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही
कोंच। स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी तिरंगे की धूम रही, भवनों पर पूरी आन-बान-शान के साथ तिरंगा लहराया। छात्र छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिनमें आजादी की दीवानगी की झलक दिखाई दी।
विवेकानंद द ग्लोबल स्कूल, कोंच में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. संजीव निरंजन ने स्कूल प्रबंधक सुरेंद्र सिंह निरंजन के साथ ध्वजारोहण किया। मुख्य अतिथि ने कहा, देश को मिली यह आजादी बहुत महंगा सौदा रहा जिसे आजादी के दीवानों ने अपने रक्त से सींचा है। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, कविताएं, नाटक एवं भाषण प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र कुमार निरंजन, सह निदेशक हरे कृष्ण निरंजन, प्रभंजन गर्ग, उप प्रधानाचार्य विमलेश चौधरी आदि रहे। प्रधानाचार्य मनीष कुमार ने आभार जताया। अशोक शुक्ला महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रमोद कुमार शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए। प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार द्विवेदी, शेखर शुक्ला आदि रहे। संस्कृत पाठशाला में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। पालिकाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता के साथ पाठशाला के प्रबंधक ज्ञानेंद्र सेठ ने ध्वजारोहण किया। मदर्स प्राइड पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल आनंद पांडे ने तिरंगा फहराया। आदित्य पांडे, विश्वनाथ दीक्षित आदि रहे। सेठ बद्रीप्रसाद महाविद्यालय में प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्यामनारायण हूंका ने ध्वजारोहण किया। डायरेक्टर आशुतोष हूंका, कोऑर्डिनेटर कन्हैया नीखर मौजूद रहे। सूरज ज्ञान मॉडर्न सिटी पब्लिक स्कूल में प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. आरबी जैन ने और सूरज ज्ञान महाविद्यालय में प्रबंधक अंकुर यादव ने ध्वजारोहण किए। बच्चों ने देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ऐबेनेजर पब्लिक स्कूल में प्रबंधक एएक्स जोसेफ ने ध्वजारोहण किया। प्रिंसिपल केजे ग्रेसी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आजादी के संघर्ष में प्राणोत्सर्ग करने वाली हुतात्माओं को नमन किया। स्वर्गीय रामप्यारी देवी रेजा एजुकेशनल ट्रस्ट उत्तर प्रदेश द्वारा कार्यालय ‘रेजा विला’ पर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ट्रस्ट के उत्तर प्रदेश डायरेक्टर इंजीनियर राजीव कुमार रेजा ने ध्वज फहराया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कोंच में प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह द्वारा तिरंगा फहराया गया। कोंच नगर में टॉपर सरस्वती विद्या मंदिर के मेधावी छात्र कान्हा गुप्ता (हाईस्कूल), नीरज कुमार (इंटरमीडिएट), छात्रा राशि तिवारी (इंटरमीडिएट) बालिका विद्या मंदिर को बाबूराम समरया अवॉर्ड एवं तुलसीराम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य नारायण दत्त जोशी रहे। राजकीय महाविद्यालय कोंच में प्राचार्य डॉ. विवेक ने तिरंगा फहराया। डॉ. मनीष पटेल, डॉ. मनीष कुमार वर्मा, सूरज कुमार, अमित कुमार, सुमित कुमार, अन्नू, अरविंद आदि रहे।
