न हैंडपंप और न ही पानी की पाइप लाइन, कैसे चले जिंदगी की गाड़ी 

  • एसडीएम, सीओ ने समाधान दिवस में सुनी लोगों की समस्याएं, 13 में 2 का मौके पर निस्तारण 

कोंच। शनिवार को जन्माष्टमी पर्व की छुट्टी होने के चलते सोमवार को तहसील स्थित लेखपाल कक्ष में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया जिसमें एसडीएम एवं सीओ ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 13 शिकायतें दर्ज कराई गईं जिनमें से मौके पर सिर्फ 2 शिकायतें ही निस्तारित की जा सकीं। एसडीएम ज्योति सिंह की अध्यक्षता एवं सीओ परमेश्वर प्रसाद, तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल की उपस्थिति में आयोजित तहसील स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर गांधीनगर निवासी महिला किशोरी देवी, रानी देवी बरार ने बताया कि वह मलिन बस्ती में बाल्मीकि मंदिर के समीप रहती हैं। उनके घर के आसपास न तो सरकारी हैंडपंप लगा है और न ही सरकारी पाइप लाइन डली हुई है।  आसपास करीब एक सैकड़ा लोगों को पेयजल की समस्या से परेशान होना पड़ रहा है और शासन प्रशासन कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। ग्राम रतनपुरा निवासी तमाम महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में स्थित परिषदीय स्कूल को करीब डेढ़ किमी की दूरी पर ग्राम करयावली के स्कूल में मर्ज कर दिया गया है जिससे बच्चों को आने जाने में कठिनाई उठानी पड़ रही है और बच्चों की शिक्षा पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्राम खेराबेड़ा निवासी राजा भइया सहित करीब दर्जन भर ग्रामीणों ने शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में तैनात पंचायत मित्र ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध कब्जा कर लिया है जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और फसलें जलमग्न होकर नष्ट हो रहीं हैं। पूर्व में शिकायत करने पर चौकी प्रभारी को जांच कर कार्यवाही किए जाने की लिए आदेशित किया गया था लेकिन चौकी प्रभारी मौके पर कभी गए ही नहीं। ग्राम घुसिया निवासी मनरेगा श्रमिकों ने मनरेगा योजना के अंतर्गत किए गए मजदूरी के एवज में रुपए न दिए जाने और प्रधान, सचिव व रोजगार सेवक द्वारा धमकाने, फर्जी जॉबकार्ड बनाए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं एसडीएम ने दर्ज सभी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समय सीमा के अंदर निस्तारण किए जाने के निर्देश अधीनस्थों को दिए हैं। इस मौके पर तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x