कदौरा। विकास खंड कदौरा की ग्राम पंचायत मवई अहीर में सरकारी धन के दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने तत्कालीन पंचायत सचिव वंदना वर्मा पर गंभीर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। मामला करीब 1.47 लाख रुपए के घोटाले से जुड़ा है। ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) द्वारा 16 नवंबर 2023 से 22 दिसंबर 2023 तक विद्यालय की बाउंड्री वाल का निर्माण कराया गया था, जिसका भुगतान 1.75 लाख रुपए SMC खाते से कर दिया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद 16 फरवरी 2024 को उसी कार्य का पुनः भुगतान ग्राम निधि से करा दिया गया, जिससे सरकारी खजाने को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सचिव और ग्राम प्रधान की मिली भगत से डिजिटल हस्ताक्षरों का उपयोग कर धनराशि निकाली गई। यह गंभीर वित्तीय अनियमितता मानी जा रही है।
मामला सामने आने पर तत्कालीन खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार ने सचिव को नोटिस जारी कर तय समय सीमा में स्पष्टीकरण और संबंधित दस्तावेज मांगे थे। साथ ही चेतावनी दी थी कि जवाब न मिलने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बीडीओ के स्थानांतरण के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया, जिससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में ऐसी गड़बड़ियां पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की शिथिलता और मिलीभगत के चलते दोषी बच निकलते हैं। उन्होंने मांग की सचिव को तत्काल निलंबित कर प्राथमिकी दर्ज की जाए, ताकि सरकारी धन की लूट पर रोक लग सके।
मवई अहीर पंचायत में डेढ़ लाख का घोटाला उजागर,सचिव पर फर्जीवाड़े का आरोप
