कालपी जालौन। लगातार हुई बरसात के कारण नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढो को दुरुस्त करने के लिए स्थानीय प्रशासन तथा नगर पालिका के द्वारा प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उपजिलाधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी ने भ्रमण करके सड़कों के गड्ढों को चिन्हित करके कार्य योजना पर रणनीति बनाई है। मालूम हो कि हाल ही में बाढ़ तथा लगातार बरसात की वजह से नगर की अलग-अलग स्थानों में सड़कों में पानी भर जाने के कारण गड्ढे हो गए हैं। जिससे राहगीरों तथा वाहन चालकों को काफी समस्या हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला के साथ उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बैठक करके गड्ढा युक्त सड़कों को चिन्हित किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्य शुरू कराकर सड़कों को गड्ढा मुक्त कराया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव ने भी सड़कों के गड्ढा मुक्त करने के लिए सहमति व्यक्त की है। अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए गड्ढा युक्त सड़कों को चिन्हित किया जा चुका है।
एसडीएम तथा ईओ ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की बनाई योजना
