- ईंटें फेंकने जाते ट्रैक्टर ट्रालियों के वीडियो वायरल, पालिका के एमआरएफ सेंटर पर पहुंचाईं गई ईंटें
कोंच। सड़क चोरी के मामले में पकड़े जाने के डर से रातों-रात इंटरलॉकिंग ईंटों को ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर फिंकवा दिया गया है। ईंटें फेंकने जाते ट्रैक्टर ट्रालियों के कैमरों में कैद वीडियो भी वायरल हुए हैं। कैलिया बाईपास रोड से हटकर एकांत में बने नगरपालिका के एम आर एफ सेंटर के पास यह ईंटें पहुंचाई गई हैं जो इस बात की साफतौर पर चुगली करती है कि कहीं न कहीं इस पूरे मामले में पालिका से जुड़े लोगों की मिलीभगत जरूर है तभी तो पुलिस में गोलमोल रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद तूल पकड़ता जा रहा है। एसडीएम द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने अपना काम करते हुए करीब दो ट्राली इंटरलॉकिंग ईंटें तो बुधवार को ही वार्ड नंबर 14 में एक मदरसे से बरामद कर ली थीं। इस मामले में ईओ नगरपालिका मोनिका उमराव ने जो रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई उसमें उन्होंने ईंटें चोरी होने का जिक्र करने से परहेज किया है और लोगों को यह कहने का मौका दिया कि पालिका इस मामले की लीपापोती करने में जुटी है। चूंकि मामला प्रशासन के संज्ञान में है और ईंटें चोरी करने वालों में डर बैठ गया कि पुलिस तहकीकात में देर-सवेर शेष ईंटें भी बरामदगी की कवायद जरूर होगी सो ईंटें गायब करने वालों ने गुरुवार की रात उन ईंटों को ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर कैलिया बाईपास रोड से हटकर एकांत में बने पालिका के एमआरएफ सेंटर में फिंकवा दिया है। इस बात की भनक कई लोगों को लग गई और उन्होंने ट्रैक्टर ट्रालियों का पीछा कर उन्हें कैमरों में कैद कर लिया है। इस पूरे मामले में शुक्रवार को ईओ मोनिका उमराव ने पालिका सभागार में पत्रकार वार्ता बुला कर अपना पक्ष स्पष्ट करने की कोशिश जरूर की लेकिन पत्रकारों द्वारा पूछे गए तीखे सवालों के गोलमोल जवाब ही उन्होंने दिए। अलबत्ता उन्होंने यह जरूर कहा कि सड़क से उखाड़ी गई ईंटें तीन जगह से बरामद करके पालिका की भूमि पर सुरक्षित रखवा दी गई हैं।
रात के अंधेरे में फिंकवाया गया इंटरलॉकिंग सड़क चोरी की ईंटों को
