उरई, जालौन। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद जालौन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने अभिहित अधिकारी डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में उरई नगर के विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका क्षेत्र स्थित अंबेडकर चौराहा पर पोरवाल मेडिकल स्टोर से एनर्जल और प्रोटीनेस पाउडर के नमूने संग्रहीत किए गए। वहीं राजमार्ग उरई पर स्थित गर्ग मेडिकल स्टोर से लाइकोविट सिरप और एंजाइम सिरप के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव और महेश प्रसाद शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मेडिकल स्टोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई, नमूने जांच हेतु भेजे गए
