- कार्रवाई किए जाने को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया था विहिप ने
- मामला आजाद नगर में इंटरलॉकिंग सड़क को रातों-रात उखाड़ कर ईंटों की चोरी का
कोंच। पिछले दिनों आजाद नगर में इंटरलॉकिंग सड़क को रातों-रात उखाड़ कर ईंटों की चोरी मामले में विश्व हिंदू परिषद ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया है। विहिप जिलाध्यक्ष महंत गुरु प्रसाद शर्मा एवं मंत्री आचार्य तेजस ने सरोजिनी नायडू पार्क में बुलाई गई पत्रकार वार्ता में कहा कि इस मामले में कार्रवाई किए जाने को लेकर स्थानीय संगठन ने जिस प्रकार मुखर होकर प्रशासन के समक्ष मामले के खुलासे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई थी वह मांग पूरी हो गई है। लिहाजा अब किसी तरह का आंदोलन किए जाने का कोई औचित्य नहीं रह गया है।
विहिप जिलाध्यक्ष और मंत्री ने कहा, इस पूरे मसले को लेकर संगठन के जिला उपाध्यक्ष साकेत शांडिल्य की अगुवाई में जिस तरह से संज्ञान लेकर प्रशासन के समक्ष यह मामला रखा और निष्पक्ष जांच की मांग के साथ साथ यह भी मांग एसडीएम को दिए ज्ञापन में रखी कि जो भी दोषी हों उनके खिलाफ कार्रवाई हो। इस मामले पर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया और तीन सदस्यीय जांच टीम ने अपनी जांच पूरी करते हुए जो रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी है उसमें उस व्यक्ति की नामजदगी का उल्लेख भी है जिसने यह कृत्य किया है। इसका मतलब है कि प्रशासन अपना काम कर रहा है और आगे पुलिस अपनी छानबीन के आधार पर मामले में निश्चित रूप से अग्रिम कार्रवाई करेगी। ऐसे में अब किसी आंदोलन की जरूरत नहीं रह गई है। गौरतलब है कि कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में विहिप ने सोमवार से आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी थी। इस दौरान विहिप जिला उपाध्यक्ष साकेत शांडिल्य, नगर अध्यक्ष संतोष तिवारी, नगर मंत्री सुमित अग्रवाल, प्रभात उदैनिया, महेंद्र चंदेरिया, रंजन गोस्वामी, आकाश उदैनिया, गौरव सोनी, विवेक तिवारी, शशिकांत मिश्रा, चंदन सोनी, क्रिश पाठक, शिवम लखेरा आदि रहे।
