ओटीएस योजना शुरू, ढोल-नगाड़ों के साथ किया प्रचार-प्रसार 

* ‘पहले आओ, ज्यादा छूट पाओ’ का फार्मूला लागू, पहले दिन 20 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण

कोंच। सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बार फिर राहत भरी योजना शुरू की है जिससे लंबे चौड़े बिजली बिलों का दबाव झेल रहे उपभोक्ताओं की मुश्किलें कुछ कम होंगी। प्रदेश में एक दिसंबर से शुरू हुई ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के प्रचार-प्रसार का काम सोमवार को बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया। इसका असर यह हुआ कि इस योजना का लाभ उपभोक्ताओं ने उठाना भी शुरू कर दिया है। योजना के पहले ही दिन कोंच में 20 बकाएदारों ने कैंप में पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया। मूल बिल में छूट का भी प्रावधान किया गया है, पहले आओ ज्यादा पाओ का फार्मूला इसमें लागू है।

सोमवार को बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने कस्बे के विभिन्न इलाकों तथा मुख्य बाजार में रैली निकालकर ओटीएस योजना का प्रचार-प्रसार किया और लोगों को बकाया जमा करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि 1 से 31 दिसंबर तक पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को मूल बिल के बकाये पर 25 फीसदी छूट तथा सरचार्ज में शत-प्रतिशत राहत मिलेगी। जनवरी में पंजीकरण कराने वालों को 20 फीसदी और फरवरी में 15 फीसदी की छूट दी जाएगी। एसडीओ रवींद्र कुमार ने बताया कि यह राहत एमएलवी-1 (घरेलू वर्ग) अधिकतम दो किलोवाट तक और एलएमवी-2 (व्यावसायिक) एक किलोवाट तक के उपभोक्ताओं के लिए है। पहली बार मूलधन पर 25 फीसदी और सरचार्ज पर पूरी छूट देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक उठाया जा सकता है। जेई अमन पांडे ने बताया, पहले दिन चंदकुआ पावर हाउस पर आयोजित कैंप में 20 उपभोक्ताओं ने ओटीएस के लिए पंजीकरण कराया। इस दौरान जेई ग्रामीण अंकित साहनी, टीजी-2 सूरज प्रसाद, अनूप गुर्जर, रिंकू, सूरज, गब्बर, प्रदीप समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x