जालौन से ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। युवती घर से दो लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर एक युवक के साथ चली गई। नातिन के घर से गायब होने की शिकायत पीडित बाबा ने पुलिस से की है। पीड़ित बाबा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी बाबा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात उनका पूरा परिवार घर में सो रहा था। जब सुबह परिवार जगा तो उनकी 21 वर्षीय नातिन घर से गायब थी और अलमारी खुली हुई थी। जब अलमारी की तलाशी ली तो उसमें रखी एक सोने की चैन, दो अंगूठी समेत लगभग दो लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर गायब थे। बताया कि उन्होंने जब नातिन के बारे में जानकारी की तो पता चला कि कैथ गांव का युवक आशीष उर्फ अलू रात करीब दो बजे अपने बहनोई शिवपाल की बाइक लेकर उनके घर पर आया था और उनकी नातिन को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। पीड़ित बाबा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक आशीष उर्फ अलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।