
पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल, रुपयों के लेनदेन को लेकर की गई थी हत्या
उरई। सहायक अध्यापक को अगुवा कर हत्या कर देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के 72 घंटे के अंदर पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अध्यापक की हत्या पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर हुई थी। इसमें मृतक के एक रिश्तेदार का अहम रोल था। पकड़े गए सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 14 फरवरी को थाना नदीगांव पर श्रीमती रामवती ने अपने पुत्र राघवेन्द्र का अपहरण कर हत्या कर देने के सम्बन्ध में तहरीर दी थी, जिसके सम्बन्ध में थाना नदीगांव में मु0अ0सं0 21/2026 धारा 140(1)/103(1)/238/61(2) बीएनएस बनाम कृष्णपाल उर्फ कुलदीप पुत्र घनश्याम उम्र करीब 38 वर्ष निवासी ग्राम सराय थाना पूछ जिला झांसी आदि 08 नामजद के विरुद्ध पंजीकृत हुआ था। मृतक के शव के पंचायतनामा व भौतिक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही फील्ड यूनिट टीम म0पु0 पुलिस द्वारा की गयी थी।घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए 3 टीमों का गठन किया गया था। जिसके परिणामस्वरूप 72 घंटे के अंदर त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना नदीगांव पुलिस टीम की विवेचना के क्रम में इलेक्ट्रॉनिक/भौतिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज आदि के संकलन से अभियुक्तगण कृष्णपाल उर्फ कुलदीप पुत्र घनश्याम उम्र करीब 38 वर्ष निवासी ग्राम सराय थाना पूछ जिला झांसी आदि 06 नामजद की संलिप्तता पाई गई । जिनको गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से एक अदद हुंडई औरा कार सफेद रंग, एक अदद एक्टिवा स्कूटी, एक अदद अवैध पिस्टल व दो जिन्दा कारतूस 32 बोर, दो डाटा केबल, एक अदद मफलर व एक बैग में सरकारी दस्तावेज आदि बरामद कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्तगण के कब्जे से एक अदद अवैध पिस्टल व दो जिन्दा कारतूस 32 बोर बरामद होने पर मुकदमा उपरोक्त संख्या में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गयी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त कृष्ण कुमार उर्फ कुलदीप द्वारा बताया गया कि मैं जुआ खेलने का आदी था तथा मेरे ऊपर कई लोगों का कर्ज हो गया था तथा मैंने कुछ रुपया मृतक राघवेन्द्र से भी उधार ले लिया था, जो बार-बार मांग रहा था। पैसे देने के बहाने को लेकर हम लोगों ने उसको बुलाया था, जिससे राघवेन्द्र मुझसे मिलने आया था, जहां से उसको अपने अन्य साथियों के साथ कार से ले गया था तथा वहां पर अपनी महिला मित्र के साथ राघवेन्द्र के कुछ आपत्तिजनक वीडियो/फोटो बना लिये थे, जिससे वह दबाव में आकर उधार रुपयों की मांग न करे। इसी दौरान मेरा व राघवेन्द्र का आपस में झगड़ा हो गया था, तभी आवेश में आकर हम लोगों ने मोबाइल के डाटा केबल/मफलर से राघवेन्द्र की मुंह दबा/गला घोंट कर हत्या कर दी और शव को छिपाने के उद्देश्य से टेढ़िया सेवड़ा मार्ग पर झाड़ियों में फेंक दिया था। उन्होंने बताया कि कुलदीप के अलावा रिंकू निवासी मढ़ौरा चिरगांव,निशु वर्मा नेहरू पार्क झांसी,राजकुमार बंगरा झांसी, अभि गुदरी मोहल्ला झांसी,सोनिया निवासी इटाइल लहचूरा झांसी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम के सराहनीय कार्य
करने पर उनके द्वारा 25 हजार का इनाम दिया गया है।