
अंबेडकर जयंती पर माल्यार्पण के साथ चलाया गया सदस्यता अभियान
जालौन। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, नई दिल्ली की जनपद इकाई जालौन द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संगठन द्वारा सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों को बाबा साहेब के सिद्धान्तों को बताकर मानवाधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए संगठन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी एड. संजीव दीक्षित ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके सिद्धांत आज भी समाज को समानता और न्याय का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा दें। तो वहीं जिला विधिक सचिव नेहा निरंजन ने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा और जागरूकता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संगठन का उद्देश्य हर व्यक्ति को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है ताकि समाज में न्याय और समानता स्थापित हो सके। इस मौके पर जिला महासचिव सलिल तिवारी, जिला विधिक सचिव नेहा निरंजन, जिला प्रमुख निकहत परवीन समेत अन्य पदाधिकारीगण व सदस्यगण मौजूद रहे।