
उरई जालौन। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर अभय पटेल ने एसएससी सीजीएल परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 859 वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है, जिससे परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अभय पटेल मूलरूप से ग्राम पचोखरा के निवासी है वह मेडिकल कालेज में प्रशासनिक विभाग में तैनात फूफा डाक्टर शैलेंद्र प्रताप के यहां रहकर तैयारी कर रहा था।
अभय पटेल की इस सफलता से उनके परिजन गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि अभय शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिजनों का आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया है।
अभय ने बताया कि उनका सपना केवल यहीं तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आगे प्रशासनिक सेवाओं में जाकर देश सेवा करना चाहते हैं। इसके लिए वह भविष्य में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करेंगे। उनका मानना है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास करने से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अभय की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी प्रेरणा का संचार हुआ है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अभय की इस उपलब्धि पर उनके दादा कन्हैया लाल पटेल ने खुशी जताई है। डाक्टर शैलेंद्र प्रताप ने बताया कि अभय का ध्यान सिर्फ पढ़ाई पर रहा है। उसने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया कि लगन से की गई मेहनत व्यर्थ नहीं जाती है। मैने भी समय समय पर उसका हौसला बढ़ाया है।
फोटो 12