
जिला महिला चिकित्सालय उरई में अनोखे जन्मोत्सव ने दिया ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का प्रेरक संदेश
उरई जालौन। जिला महिला चिकित्सालय उरई में जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्षा मंजुला पाण्डेय जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित “बुंदेली बिन्नू” जन्मोत्सव कार्यक्रम भावनात्मक, प्रेरणादायी एवं सामाजिक चेतना से परिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान 13 नवजात बच्चियों को बेबी किट, खिलौने, वस्त्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उस समय भावुक एवं सुखद वातावरण बन गया जब मंजुला पाण्डेय ने नवजात बच्चियों के सादे कागज पर लाल स्याही से पदचिह्न लेकर अपनी खुशी व्यक्त की। जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्षा ने बुंदेली बिन्नू कार्यक्रम के संचालक रोहित विनायक की सराहना करते हुए कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने का उनका यह अभियान अत्यंत प्रेरणादायी है। रोहित विनायक ने बताया कि वह विगत 6 वर्षों से प्रतिदिन बुंदेली बिन्नू कार्यक्रम के माध्यम से नवजात बच्चियों का सम्मान कर रहे हैं तथा परिवारों को बालिकाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 12 हजार से अधिक बच्चियों को “बुंदेली बिन्नू सम्मान” से नवाजा जा चुका है। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में बेटियों के सम्मान, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उपस्थित लोगों ने इस अनूठी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।