उरई (जालौन)। जनपद में 28 मई की रात आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग, जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की समीक्षा की तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र में बिजली एवं पेयजल संकट नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, टूटे तारों और अन्य तकनीकी खामियों का शीघ्र सर्वेक्षण कर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया जाए। जिन क्षेत्रों का सर्वे पूरा हो चुका है, वहां तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए।
पेयजल व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां बिजली बाधित होने से जलापूर्ति प्रभावित है, वहां टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी रखने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा स्थिति की नियमित जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आपदा की स्थिति में सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि आमजन को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest