बुजुर्गों को समय और बच्चों को संस्कार दें-रमा आरपी निरंजन
- विवाह की 48वीं वर्षगांठ पर विधान परिषद सदस्य ने लोगों को दिया संदेश
कोंच। झांसी-ललितपुर-जालौन निकाय क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य रमा आरपी निरंजन ने कहा है कि लोगों को आपाधापी की जिंदगी में कुछ समय अपने परिवार के लिए जरूर निकालना चाहिए। उन्होंने कहा, बुजुर्गों के लिए समय निकाल कर उनसे बातचीत करें और उनकी सेवा करके आशीर्वाद प्राप्त करें, इसके साथ ही अपने बच्चों के साथ भी समय बिताएं और उनमें अच्छे संस्कार डालें ताकि एक सुखमय और संवेदनशील समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो। यह बात उन्होंने यहां आशीर्वाद होटल में अपने विवाह की 48वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक सादे समारोह के दौरान एक संदेश के तौर पर लोगों से कही।
शिक्षाविद आरपी निरंजन और विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन के वैवाहिक जीवन के 48 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार देर शाम समाजसेवी महेंद्र सिंह पटेल धनौरा द्वारा होटल आशीर्वाद में एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कुछ गिने-चुने लोगों ने पहुंच कर दंपत्ति को शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर आरपी निरंजन ने कहा, आज के दौर में परिवार नाम की संस्था तेजी से बिखर रही है, इसे बचा कर रखने की आवश्यकता है। रिश्तों में जिस तरह से खटास पैदा हो रही है यह भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का क्षरण है। लोगों को अपनों में भरोसा जगाना चाहिए तभी हमारे परिवार सुरक्षित और रिश्ते मजबूत हो सकते हैं। उन्होंने अपने 48 साल के दाम्पत्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा, पति-पत्नी के बीच के संबंधों को शब्दों बयान नहीं किया जा सकता, केवल महसूस किया जा सकता है। मनोहर सिंह ने कविता के माध्यम से दंपत्ति के जीवन को पारिभाषिक करने का सुंदर प्रयास किया। इस दौरान पूर्व बार संघ अध्यक्ष विनोद अग्निहोत्री, रामप्रकाश निरंजन पड़री, डॉ. संजीव निरंजन, मोहनसिंह यादव, महेंद्र सिंह निरंजन, विजय अग्रवाल, बादाम सिंह कुशवाहा, रविकांत कुशवाहा, नरेंद्र विश्वकर्मा, रामबिहारी अग्रवाल, प्रभंजन गर्ग आदि रहे।

