- बोलीं एसडीएम, सप्ताह भर में करें समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान
- सीओ ने अधीनस्थों को दिए समस्याओं को गंभीरता से लेने के कड़े निर्देश
कोंच। संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 26 शिकायतों में से 5 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इमलौरी प्रधान ने ग्रामीणों संग मिलकर दिए प्रार्थना पत्र में मजरा गांव ऊमरी स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को इमलौरी स्थित विद्यालय में और दूसरे मजरा गांव सेता के बच्चों को मंगरा गांव स्थित विद्यालय में मर्ज करने के निर्णय पर रोक लगाए जाने की मांग की है।

एसडीएम ज्योति सिंह की अध्यक्षता एवं सीओ परमेश्वर प्रसाद की मौजूदगी में कोंच ब्लॉक के सभागार में संपन्न तहसील स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अधिकारियों ने आए हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने कहा, अधिकारियों को आम लोगों की दिक्कतों को गंभीरता से लेने की जरूरत है ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा, जो भी समस्याएं प्राप्त हुईं हैं उनका एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। इस निस्तारण की जानकारी शिकायतकर्ता को भी जरूर दें। सीओ ने भी अधीनस्थों को ताकीद करते हुए कहा, संपूर्ण समाधान दिवस ही नहीं बल्कि अन्य माध्यमों से भी जो समस्याएं आतीं हैं उनको बहुत ही गंभीरता से लेकर निराकरण करें ताकि लोगों को भटकना न पड़े। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 26 समस्याएं आईं, मौके पर 5 का निस्तारण हुआ। ग्राम बरोदा कलां के ग्रामीणों ने शिकायती पत्र देकर बताया कि ग्राम प्रधान व सचिव मिलकर बगैर काम कराए सरकारी धन का बंदरबांट कर रहे हैं। गांव में सुविधाओं का जबर्दस्त टोटा है और गंदगी पसरी हुई है। भाकियू पदाधिकारियों ने तहसील क्षेत्र के तमाम गांवों में बिजली समस्याओं एवं खाद के गड्ढों पर अतिक्रमण होने को लेकर शिकायती पत्र दिया। ग्राम कूंडा निवासी राजवीर सिंह ने शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए तमाम कार्यों की जांच कराने और सरकारी धन की लूट खसोट करने पर रिकवरी कराए जाने की मांग की। इसके अलावा निजी आराजी व सरकारी चकरोडों पर अवैध कब्जों आदि से जुड़ी शिकायतें फरियादियों द्वारा की गईं। इस दौरान नायब तहसीलदार जितेंद्र पटेल, शादुल्लाह खान, ईओ नगरपालिका मोनिका उमराव, जेई बिजली अमन पांडे, बीडीओ कोंच गिरधर प्रसाद, मंडी इंस्पेक्टर राहुल अनुरागी, खंड शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार, सुनील राजपूत, आपूर्ति निरीक्षक मनोज तिवारी आदि उपस्थित रहे।

इंसेट में-
दोबारा आईं पिछले समाधान दिवसों में अनिस्तारित रहीं समस्याएं
कोंच। संपूर्ण समाधान दिवस में कुछ ऐसी भी शिकायतें आईं जो इससे पूर्व के संपूर्ण समाधान दिवसों में दी जा चुकी हैं लेकिन उनका समाधान नहीं हुआ। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि संबंधित विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण की असल हकीकत क्या है। इसके अलावा तमाम शिकायतों का अंकन रजिस्टर में नहीं किए जाने की भी शिकायतें मिली हैं।
फोटो कोंच2-कैलिया में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनते अधिकारी
उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें-एसई
- कैलिया के पंचायत भवन में आयोजित किया गया बिजली विभाग का महा कैंप
कोंच। उपखंड कोंच अंतर्गत कैलिया के पंचायत भवन में शनिवार को बिजली विभाग द्वारा मेगा कैंप का आयोजन किया गया जिसमें उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं को सुना गया और उनका यथोचित निराकरण किया गया। निरीक्षण करने पहुंचे एसई मुनीश द्विवेदी ने कहा, उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका यथोचित निराकरण करें। उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना न पड़े।
शासन के निर्देश पर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और राजस्व बढ़ाने के लिए आयोजित किए जाने वाले महा कैंपों में अधिकारी समस्याओं को सुन रहे हैं और जिनका निराकरण संभव है, मौके पर ही निपटा रहे हैं। विद्युत विभाग द्वारा विद्युत समाधान दिवस का आयोजन कैलिया के पंचायत भवन में किया गया जिसमें नए कनेक्शन, भार वृद्धि, विधा परिवर्तन, खराब मीटर बदलना, बिल संशोधन, बिल जमा और बिजली से संबंधित अन्य समस्याओं का निदान किया जाना था। एसडीओ रवींद्र कुमार ने खुद कैंप में मौजूद रह कर उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना। इस दौरान कुल 18 शिकायतें आईं जिनमें 8 का मौके पर ही तत्काल निस्तारण किया गया। इस दौरान 1 लाख 10 हजार रुपए का राजस्व वसूला गया जबकि 40 कनेक्शन काटे गए। इसी बीच नोडल अधिकारी अधीक्षण अभियंता मुनीश द्विवेदी निरीक्षण के लिए पहुंचे और अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीओ रवींद्र कुमार, जेई अंकित साहनी, बाबू अशोक वर्मा, उज्जवल तिवारी, टीजी-टू वीरेंद्र कुमार, टीजी-टू सूरज प्रसाद, सुपरवाइजर रणवीर एवं लाइनमैन व मीटर रीडर वीरेंद्र सिंह, रामू, कालका, अभिषेक, आसिफ आदि मौजूद रहे।
फोटो कोंच3-बीआरसी कनासी में स्थानांतरित बीईओ को विदाई देते शिक्षक
आगत का स्वागत, विगत की विदाई का अद्भुत संगम दिखा बीआरसी में
- नदीगांव ब्लॉक में बीईओ रहे दिग्विजय की भावपूर्ण विदाई की शिक्षकों ने
कोंच। नदीगांव ब्लॉक के बीआरसी कनासी में आगत के स्वागत और विगत की विदाई का अद्भुत संगम दिखा। निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी दिग्विजय सिंह की भावपूर्ण विदाई की गई जबकि नवागंतुक बीईओ शैलेंद्र उत्तम का ब्लॉक के शिक्षकों ने आत्मीय स्वागत किया।
बीआरसी कनासी में रवींद्र चतुर्वेदी की अध्यक्षता एवं एससी-एसटी वेलफेयर एसोसिएशन के जिला महामंत्री अरविंद खाबरी, मंडल पदाधिकारी देवेंद्र जाटव, पूर्व एआरपी प्रमोद कुमार गुप्त, जिला उपाध्यक्ष इंद्रपाल गुर्जर, रामशंकर छानी, इस्मतउल्ला आदि के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में कमोवेश दो सैकड़ा से अधिक अध्यापकों की उपस्थिति रही। शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम अनुग्रह सिंह ने स्थानांतरित खंड शिक्षा अधिकारी दिग्विजय सिंह को माल्यार्पण करते हुए उपहार देकर विदाई दी एवं नदीगांव ब्लॉक में नवागंतुक खंड शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र उत्तम को संयुक्त मंत्री सर्वेश शर्मा ने माल्यार्पण और पुष्प गुच्छ देकर स्वागत सम्मान किया। संचालन संजय सिंघाल ने किया। बीईओ दिग्विजय सिंह ने नदीगांव ब्लॉक के अध्यापकों के साथ अपने अनुभव साझा किए। नवागंतुक बीईओ शैलेंद्र उत्तम ने कहा कि जो भी कार्य निवर्तमान बीईओ द्वारा गतिमान हैं उन सभी कार्यों को आगे भी जारी रखेंगे एवं ब्लॉक में नवाचार भी करेंगे। साकेत कुमार सेठ, पवन सोनी, विकास वर्मा, अनिल सौनकिया, मनीष भदौरिया आदि उपस्थित रहे।
दर्जनों लोगों के साथ ठगी करने वाले को पकड़ कर छोड़ भी दिया पुलिस ने
- पीड़ितों ने पीएम आवास एवं शादी अनुदान योजना का लाभ दिलाने में लगाया ठगी का आरोप
कोंच। पीएम आवास एवं शादी अनुदान योजना के नाम पर फर्जी चेक थमाकर ठगी करने का आरोप लगाते हुए पीड़ितों ने अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
एसडीएम ज्योति सिंह एवं सीओ परमेश्वर प्रसाद को समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर पीड़ितों ने बताया कि पीएम आवास एवं शादी अनुदान योजना का लाभ दिलाने के नाम पर नदीगांव निवासी एक व्यक्ति ने दर्जनों लोगों के साथ ठगी की है। इसकी शिकायत पिछले समाधान दिवस में भी की थी जिसके बाद उक्त व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया था लेकिन बगैर कोई कार्रवाई किए उसे छोड़ भी दिया। जबकि पीड़ित लोगों ने उक्त व्यक्ति द्वारा थमाई गईं फर्जी चेक सबूत के तौर पर पुलिस को दी थीं। पुलिस से छूटने के बाद उक्त ठगी करने वाला अब खुलेआम धमकी दे रहा है। मामले को लेकर पीड़ित शिकायतकर्ता रशीद अंसारी, शमशाद अहमद, अरविंद यादव, राजू, छुन्ना आदि ने कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मां का आरोप, पेट्रोल डाला और जलाकर मारने की कोशिश की बेटे ने
कोंच। बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगाने और मार डालने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए मां ने अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
ग्राम बरोदा कलां निवासी विनीता रायकवार पत्नी शुभकांत ने शनिवार को समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 17 जुलाई की दोपहर 2 बजे वह पति के साथ घर पर थी तभी उसका बेटा घर आया और गलत लांछन लगाकर गाली गलौज करने लगा। उसने और पति ने जब विरोध किया तो बेटे ने हम दोनों के साथ मारपीट की और फिर पेट्रोल डालकर जलाकर मारने का प्रयास किया। जैसे तैसे जान बचाकर वह पति सहित घर से बाहर भागी। मामले को लेकर विनीता ने बेटे के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
