सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी गईं 28 शिकायतें, 08 का हुआ मौके पर निस्तारण


उरई जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से सम्पूर्ण समाधान दिवस मंडी में स्थित तहसील उरई के सभागार में जनसामान्य की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करना है। कुल प्राप्त 28 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 08 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष के लिए अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस के दौरान शिकायतकर्ता दीपक ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर राजकीय इंटर कॉलेज, उरई के मैदान का शासनादेश के विपरीत व्यावसायिक उपयोग करवाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को जांच अधिकारी नामित किया। मुहल्ला वासी वार्ड 13 के नागरिकों ने जलभराव से हो रही परेशानी का उल्लेख करते हुए पुलिया निर्माण की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी डकोर को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया जाए। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

फोटो परिचय- लोगो की शिकायतें सुनते डीएम एसपी समेत जनपदीय अधिकारीगण

4116 वाहन मालिकों पर ₹14 करोड़ कर बकाया

उरई जालौन। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशा/प्रर्व) सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि जनपद में 4116 वाहन कर बकाया में हैं, जिन पर कुल ₹14,12,73,413 का कर शेष है। इन सभी वाहन स्वामियों को कार्यालय से माँग पत्र जारी किए जा चुके हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि वाहन स्वामी अपने बकाया कर को तुरंत परिवहन कार्यालय में आकर या ऑनलाइन माध्यम से जमा करें। अन्यथा, बकाया वसूली भू-राजस्व की तरह की जाएगी और वाहन स्वामी स्वयं इसके लिए उत्तरदायी होंगे। विभाग ने समय रहते कर भुगतान करने की अपील की है।

जिला कारागार उरई में बंदी की मौत पर मजिस्ट्रियल जांच, साक्ष्य आमंत्रित
उरई जालौन। नगर मजिस्ट्रेट उरई ने बताया कि जिला कारागार उरई में निरूद्ध दोषसिद्ध बंदी प्रेम किशोर उर्फ कल्लू पुत्र स्व. किशुन प्रसाद निवासी ग्राम चांदनी, थाना कोतवाली कोंच की 30 जून 2025 को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जिला मजिस्ट्रेट जालौन ने आदेश संख्या 619/18-जे.ए. (मजि.जॉच) दिनांक 16 जुलाई 2025 के अंतर्गत इस प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच हेतु नगर मजिस्ट्रेट उरई को नामित किया है। जांच प्रक्रिया के तहत सर्वसाधारण से अनुरोध है कि इस घटना से संबंधित मौखिक या अभिलेखीय साक्ष्य 31 जुलाई 2025 तक किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 11:00 से अपराह्न 2:00 बजे के बीच कार्यालय नगर मजिस्ट्रेट उरई में प्रस्तुत करें।

पोषण योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सख्त, “सैम” बच्चों को शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश
उरई जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेंस विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई, जिनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, सम्भव अभियान 2025, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, एनआरसी में बच्चों का संदर्भन, आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण और कार्यकत्रियों की भर्ती प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने चिन्हित “सैम” श्रेणी के अतिकुपोषित बच्चों को शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन बच्चों को आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं तथा गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांचों का डाटा समय पर पोषण ट्रैकर में फीड किया जाए। फेस कैप्चरिंग और ई-केवाईसी में कदौरा, कुठौंद, माधौगढ़ और रामपुरा ब्लॉकों की कमजोर प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में बताया गया कि जून माह में एनआरसी में 22 बच्चों को भर्ती किया गया तथा 6 “सैम” बच्चों को दुधारु गाय गोद दिलाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जुलाई माह में प्रत्येक परियोजना से कम से कम 2 बच्चों को एनआरसी में भर्ती किया जाए और सभी सीडीपीओ 5-5 सैम बच्चों को दुधारु गाय गोद दिलाएं। पूर्व में गाय प्राप्त करने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री निराश्रित गौवंश योजना के तहत ₹1500 प्रतिमाह आर्थिक सहायता सुनिश्चित कराई जाए। इस
अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संजय कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x