प्रेरणा आजीविका शॉप का लोकार्पण कर महिला सशक्तिकरण का किया संवाद कार्यक्रम

प्रेरणा शॉप केवल विक्रय केंद्र नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और सपनों का प्रतीक:डॉ रश्मि सिंह

उरई जालौन। जनपद में ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरणादायी पहल करते हुए ‘प्रेरणा आजीविका शॉप’ का भव्य लोकार्पण उत्तर प्रदेश आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह (आईएएस) के कर-कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मण्डलीय आकांक्षा समिति झांसी की अध्यक्ष डॉ. रचना विमल, सचिव प्रतिभा सिंह गर्ग, सदस्य प्रीति सिंह, ऊषा, मीरा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकसित यह शॉप “समूह से समृद्धि की ओर” की अवधारणा को साकार करती है। शॉप का संचालन भारत माता महिला संकुल संघ, इटौरा (विकास खंड कदौरा) द्वारा किया जा रहा है। इसमें स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित अचार, पापड़, सिलाई-कढ़ाई, हैंडमेड पेपर, कॉस्मेटिक्स आदि उत्पादों की बिक्री की जा रही है। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, बाजार से जोड़ने और पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रही है डॉ. रश्मि सिंह ने कहा कि प्रेरणा शॉप केवल विक्रय केंद्र नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और सपनों का प्रतीक है। उन्होंने इसे अन्य जिलों के लिए मॉडल बताया और राज्य सरकार की ओर से सभी जनपदों में ऐसी पहल को प्रोत्साहित करने की बात कही। इसी क्रम में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में महिला सशक्तिकरण संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। इसमें 101 महिला पशुपालकों को मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत गायें प्रदान की गईं। मंच से प्रतीकात्मक रूप से 5 महिलाओं को गाय सौंपी गईं। लाभार्थियों को ₹1500 मासिक पोषण अनुदान भी मिलेगा जिससे पोषण एवं दूध उत्पादन सुनिश्चित हो सकेगा। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं शिशु अन्नप्राशन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। डॉ. सिंह ने सभी महिलाओं से योजनाओं से जुड़ने और लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाएं सिर्फ लाभार्थी नहीं, बल्कि परिवर्तन की वाहक बनें। उन्होंने डिजिटल साक्षरता, स्वरोजगार, तकनीकी शिक्षा व उद्यमिता के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, सीडीओ केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा, उपायुक्त स्वतः रोजगार महेंद्र चौबे सहित कई अधिकारी व समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x