किसान यूनियन की बैठक में किसानों की समस्याओं पर हुई मंत्रणा
किसान यूनियन की मासिक पंचायत गल्ला मंडी में जिलाध्यक्ष द्विजेंद सिंह निरंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए खरीफ फसल का किसानों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गयी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाअध्यक्ष द्विजेंद सिंह निरंजन ने कहा कि इस समय अधिक वर्षा होने के कारण खरीफ की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है इसलिए प्रशासन को चाहिए कि वह सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दे ताकि उनकी भरपाई हो सके। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में मूंग की खरीद के लिए जिले में क्रय केंद्र खोले गए लेकिन देखने में आ रहा है कि केंद्रों पर किसानों की मूंग नहीं खरीदी जा रही। इसलिए जो पंजीकृत किसान है उनकी प्राथमिकता के आधार पर उनकी मूंग खरीदी जाए। बिचौलियों का हस्तक्षेप केंद्रों से खत्म कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस समय कुछ गौशालाओं की स्थिति ठीक नहीं है। कुछ गांव की गौशालाएं बंदी की कगार पर है इसलिए छुट्टा जानवर किसानों की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा रहे।जिला अध्यक्ष ने कहा कि नमामि गंगे योजना के तहत घर-घर जल पहुंचाने की योजना चल रही। ठेकेदारों ने गांव की सड़कों को खोद कर डाल दिया है। सड़कों की मरम्मत न होने से गांव की स्थिति खराब है। आने जाने में लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने किसानों की अन्य समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाए। बैठक में बृजेश राजपूत रामकुमार पटेल चतुर सिंह सुभाष पटेल भावना सिंह मंगल सिंह राजा भैया प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
