क्षेत्र के ग्राम रोजगार सेवकों ने सामूहिक रूप से खण्ड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्रॉप सर्वे कार्य से स्वयं को अलग करने की मांग की है। सेवकों का कहना है कि पूर्व में ही शासन स्तर से स्पष्ट आदेश जारी किए जा चुके हैं कि उनसे जॉब कार्ड के अतिरिक्त अन्य कोई कार्य न लिया जाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कार्यालय से प्राप्त आदेशानुसार 14 अगस्त 2025 को क्रॉप सर्वे प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था, किंतु आदेश संख्या 2226/अड़तीस दिनांक 7 फरवरी 2011 तथा नरेगा टीसी आदेश 5 अक्टूबर 2012 में संयुक्त सचिव गिरजा शंकर त्रिवेदी द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि रोजगार सेवकों पर अतिरिक्त कार्य का बोझ नहीं डाला जाएगा। रोजगार सेवकों ने कहा कि वर्तमान में उन्हें बीएलओ ड्यूटी और एनएमएमएस के तहत प्रतिदिन दोनों प्रहर श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करनी पड़ रही है, जिससे अतिरिक्त दायित्व निभाना संभव नहीं है। ऐसे हालात में क्रॉप सर्वे जैसे कार्य कर पाना उनके लिए व्यावहारिक रूप से कठिन है। इस दौरान रहमत खां, अनिरुद्ध यादव, दिलीप प्रताप सिंह, विनीत शुक्ला, धर्मेंद्र कुमार, अवध पाल, गोविंद यादव, नीतेश, दीपचंद्र, रामदास सहित अन्य सेवक मौजूद रहे।
रोजगार सेवकों ने क्रॉप सर्वे से किया बहिष्कार, खण्ड विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
