नगर पंचायत में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर आखिरकार लोकायुक्त में की शिकायत पर सचिवालय से तीन सदस्यीय टीम कदौरा पहुंची। टीम ने करीब दो से तीन घंटे तक पंचायत कार्यालय में बैठकर दस्तावेज खंगाले और संबंधित लोगों से पूछताछ की। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना शिवहरे, ईओ राम अचल कुरील सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि नगर पंचायत के सभासद अंकित कुमार ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताएं और घटिया निर्माण कार्य हो रहा है। आरोप यह भी लगाया गया कि पूर्व में कराई गई जांच केवल खानापूर्ति तक सीमित रही और वास्तविकता सामने नहीं लाई गई। इसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त ने अंकुर श्रीवास्तव की अगुवाई में तीन सदस्यीय टीम भेजी। टीम में संजीव कुमार व मु. शाह आलम शामिल रहे। जांच के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया और नगर पंचायत के कुछ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। टीम प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि नगर पंचायत से जुड़े कुल 28 बिंदुओं पर जांच की गई है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर लोकायुक्त को भेजी जाएगी।
लोकायुक्त पर की शिकायत में सचिवालय से पहुंची तीन सदस्यीय टीम, खंगाले दस्तावेज
