कोंच। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर स्वर्गीय रामप्यारी देवी रेजा एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वाधान में सड़क पटरी पर बसर कर रहे लौहपीटा परिवारों को भोजन वितरित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहीं भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल का बैज अलंकरण एवं पट्टिका पहना कर सम्मान किया गया। ट्रस्ट के प्रोफेसर वीरेंद्रसिंह, शिवप्रसाद निरंजन, रामशंकर छानी, मयंक मोहन गुप्ता, संजय सिंघाल, एडवोकेट नरसिंह गहरवार आदि ने नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। संजय सिंघाल ने मां के नाम पर शानदार मुक्तक पढ़े। लौहापीटा परिवार की एक महिला ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि आज से वह गुटखा खाना छोड़ देगी। इंजीनियर राजीव रेजा ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंजू अग्रवाल ने कहा, ट्रस्ट लगभग ढाई वर्षों से नगर में सेवा के उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। इस दौरान एडवोकेट विपिन निरंजन, धर्मेंद्र राठौर, शिवसिंह कुशवाहा, महंत नरोत्तमदास, भगवान दास दादी आदि रहे।

अपने नौनिहालों को कान्हा की तरह सजाया उनकी मां नंदरानी ने

कोंच। जगत के पालनहार का इस धरा धाम पर अवतरण अद्भुत और अलौकिक तो है ही, जगत कल्याण का भी सूचक है यह अनुपम और अविस्मरणीय पल। करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों ने इस आनंददाई क्षण को अपनी अपनी तरह से सेलीब्रेट किया। माताओं ने अपने नन्हें नौनिहालों को कान्हा के रूप में सजाकर दुलारा तो उन्हें ऐसा लगा जैसे दुनिया की सबसे बड़ी खुशी उनके हाथ लग गई है। सिर पर मोर मुकुट, हाथों में मुरली लिए पीतांबर धारी छलिया के ऐसे ही कुछ पल कैमरे में कैद हुए हैं जिन्हें सबके साथ साझा करना अच्छा लगता है।
