उरई (जालौन)। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 13 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला दीवानी न्यायालय परिसर में समन्वय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल पँवार ने की। बैठक में जिले के समस्त बैंकों के प्रबन्धक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक का आयोजन जनपद न्यायाधीश अचल सचदेव द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में किया गया, जिसमें लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिये विस्तृत चर्चा की गई। श्रीमती पारुल पँवार ने बैंक प्रबन्धकों से कहा कि बकाया ऋण के ऐसे प्रकरण जिनमें सुलह-समझौते की सम्भावना हो, लेकिन जिन्हें पूर्व की लोक अदालतों में सम्मिलित नहीं किया गया, उन्हें प्राथमिकता से चिन्हित किया जाये। साथ ही, उन प्रकरणों की सूची एवं दावे/वादपत्र शीघ्र तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से प्रकरणों की सूची तैयार करना उचित नहीं होगा, बल्कि इस बात पर जोर दिया जाये कि अधिक से अधिक ऋणी उपभोक्ता लोक अदालत के मंच से लाभान्वित हो सकें। बैंक प्रबन्धकों को सुझाव दिया गया कि वे अपने वरिष्ठ अधिकारियों से परामर्श करके आवश्यक निर्णय लें जिससे एन0पी0ए0 के मामलों में कमी लाई जा सके।
अपर जिला जज ने निर्देशित किया कि सभी बैंक अधिकारी ऋणी उपभोक्ताओं को ब्याज में अधिकतम छूट प्रदान करने की पूर्व तैयारी करें। उन्होंने कहा कि पूर्व की लोक अदालतों में कई बकायेदार ऋण जमा करने को तैयार थे, लेकिन बैंकों की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं दिया गया, जिससे अवसर चूक गया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। बैठक में बताया गया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंकों से संबंधित बकाया ऋण व एन0पी0ए0 के मामले प्री-लिटिगेशन केस के रूप में चिन्हित किये जा रहे हैं। इन मामलों में कम से कम दो बार नोटिस भेजे जाने और साथ ही लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु पैम्फलेट वितरण करने के निर्देश दिये गये। बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक अनुराम सक्सेना, जे0डी0सी0 बैंक के डी0जी0एम0 जयवीर सिंह, भारतीय स्टेट बैंक से सुजीत सिंह, इंडियन बैंक से अंशुल अग्रवाल, यू0पी0 ग्रामीण बैंक से कृष्णकान्त, बैंक ऑफ बड़ौदा से रविन्द्र सिंह व नरेन्द्र बुधौलिया, यूनियन बैंक से विनय कुमार, यूको बैंक से विकास राजपूत, पंजाब एण्ड सिंध बैंक से विनय कुमार, बैंक ऑफ इण्डिया से अमित, आईसीआईसीआई बैंक से शिवसिंह, ऐक्सिस बैंक से अब्दुल तथा एल0डी0बी0 उरई से मयंक सिंह उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु बैंको की समन्वय बैठक सम्पन्न
