जगम्मनपुर में ग्रामीणों ने लगाया फर्जी पट्टे आवंटित कराने का गंभीर आरोप


माधौगढ़ जालौन। जगमनपुर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी पुश्तैनी काबिज ज़मीन पर कब्ज़ा बनाए रखने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने शिकायती पत्र सौंपते हुए ग्राम प्रधान और राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों पर मिलीभगत कर उनकी ज़मीन पर फर्जी पट्टे आवंटित कराने का गंभीर आरोप लगाया। शिकायतकर्ताओं रामकुमार पुत्र श्रीराम, सुरेश पुत्र गेंदालाल और गिरधारी पुत्र मुन्नालाल ने बताया कि गाटा संख्या 159, 160 और 161 उनकी लगभग 75 वर्षों से पुश्तैनी काबिज ज़मीन है। ग्रामीणों का कहना है कि इस ज़मीन पर उनका परिवार पीढ़ियों से खेती करता आ रहा है और जीविकोपार्जन का यही एकमात्र सहारा है। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने लेखपाल और कानूनगो की मिलीभगत से उक्त ज़मीन को विवादित बताकर 59 नए पट्टे जारी कर दिए। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि कई अपात्र व्यक्तियों से ₹1 लाख से ₹1.5 लाख तक की रकम लेकर पट्टे आवंटित किए गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने और ज़मीन पर उनका हक़ बहाल रखने की मांग की। प्रार्थियों का कहना है कि यदि पुश्तैनी ज़मीन छीनी गई तो उनके परिवारों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। इससे पहले भी पीड़ित परिवार इस प्रकरण की शिकायत राज्यपाल व जिलाधिकारी को लिखित रूप में कर चुके हैं। गुरुवार को शिकायती पत्र सौंपने पहुंचे ग्रामीणों के साथ महिलाएं व बच्चे भी शामिल हुए। सुरेशचंद्र, ऊषा, अनिल कुमार, रामप्रकाश, शिवसिंह, राजू, मीरा, सोनिया समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x