- बोलीं एसडीएम, शांति और सद्भाव के साथ मिलजुल कर मनाएं त्योहार
- गणपति महोत्सव और बारावफात को लेकर कोतवाली में संपन्न हुई शांति समिति की बैठक
कोंच। प्रमुख सनातनी पर्व गणपति महोत्सव व बुढवा मंगल एवं इस्लामिक पर्व बारावफात को लेकर शनिवार को कोतवाली में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रशासन की मंशा बिल्कुल साफ रही कि सब कुछ शांति पूर्वक निपटे और सभी त्योहार मिलजुल कर मनाए जाएं। एसडीएम ज्योति सिंह ने कहा, पर्वों की पवित्रता और शुचिता बनाए रखें, अगर किसी को कोई दिक्कत है तो प्रशासन में बैठे अधिकारियों से साझा करें ताकि उसका यथोचित निदान कराया जा सके। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने कहा, गणपति पंडालों के कार्यकर्ता यह भी सुनिश्चित करें कि सुरक्षा की दृष्टि से गणेश पंडालों के निर्माण में लोहे के पोलों का प्रयोग कतई न करें। अगर कहीं लोहे के पोल प्रयोग किए जाते हैं तो उनके ऊपर प्लास्टिक के पोल फाड़ कर लगाएं ताकि बिजली करंट प्रवाहित होने की स्थिति न बने। व्यवस्था में अपने वालंटियर्स की भी मौजूदगी सुनिश्चित करें। एसडीएम ज्योति सिंह की अध्यक्षता एवं सीओ परमेश्वर प्रसाद की मौजूदगी में संपन्न पीस कमेटी की बैठक में नागरिकों की ओर से प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था करने, ओवरफ्लो सीवर चैंबर्स को दुरुस्त करने, चैंबर्स के टूटे ढक्कन बदलने, बारावफात जुलूस और गणेश विसर्जन शोभायात्रा मार्गों को गड्ढा मुक्त किए जाने, वाटर सप्लाई लाइन के लीकेज ठीक किए जाने की मांग उठाई गई। बुढवा मंगल पर्व में हनुमान मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद किए जाने और आवश्यकतानुसार बैरीकेटिंग भी कराए जाने की मांग की गई। नागरिकों की ओर से बताया गया, बुढ़वा मंगल पर दोहर मंदिर सहित पंचमुखी हनुमान मंदिर, गुदरिया हनुमान मंदिर पर नझाई बाजार मंदिर आदि पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों ने पालिका प्रशासन से साफ-सफाई और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था के अलावा नगर में स्वच्छंद विचर रहे आवारा मवेशियों पर सख्ती के साथ पाबंदी लगाए जाने के लिए कहा। आरती के समय पंडालों में खास सुरक्षा किए जाने, दुपहिया वाहनों के अनियंत्रित और बदतमीजी पूर्ण संचालन को भी सख्ती से रोके जाने की जरूरत पर बल दिया गया। कोतवाल अजीत सिंह ने कहा, लीक से हटकर नया कुछ नहीं होगा, नियमों का पालन करें। सुबह शाम की आरती में साउंड सिस्टम और जुलूसों में डीजे का वॉल्यूम न्यूनतम रहे, रात दस बजे के बाद डीजे नहीं बजेंगे। विसर्जन में कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी, रूट का निरीक्षण भी समय रहते कर लिया जाएगा। इस दौरान अतिरिक्त निरीक्षक लल्लूराम, नगरपालिका से आरआई सुनील कुमार, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, महामंत्री ब्रजेंद्र कुशवाहा, रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रधव मिश्रा, महंत नरोत्तम दास, राघवेंद्र तिवारी, विक्रम सिंह तोमर, काजी बशीर उद्दीन, हाफिज मुजीब, मिरकू महाराज, शिव कुमार, रजित कुशवाहा, सुनील शर्मा, कुलदीप, मुलायम सिंह आदि रहे।
