- सामाजिक न्याय एवं किसान मंच के तत्वाधान में किसान सम्मेलन में हुंकार भरी
कोंच। किसानों की तमाम ज्वलंत समस्याओं को सामने लाकर उनका यथोचित निराकरण कराए जाने की मंशा से सामाजिक न्याय एवं किसान मंच के तत्वाधान में किसान सम्मेलन का आयोजन रविवार को तहसील क्षेत्र के ग्राम देवगांव स्थित परमहंस इंटर कॉलेज में किया गया।
भानुप्रताप भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैयाजी, राष्ट्रीय महासचिव अकबाल पटेल, उपाध्यक्ष डॉ. अरुण पालीवाल, प्रवक्ता केदारनाथ सचान, प्रदेश महासचिव महेश परिहार बतौर अतिथि शामिल रहे। सम्मेलन के संयोजक और संगठन के जिलाध्यक्ष संतोष राजपूत ने मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर आसपास के तमाम गांवों से जुटे सैकड़ों किसानों के बीच बोलते हुए भैयाजी ने कहा, वर्तमान समय में किसानों के साथ-साथ आम लोग व व्यापारी भी तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। सरकार द्वारा की गयी घोषणा, निजी नलकूप निःशुल्क कनेक्शन व बिजली की मांग पूरी करवाने के अलावा अन्ना जानवरों की समस्या, गोशालाओं के रख-रखाव में उदासीनता एवं गल्ला मंडियों में व्याप्त भ्रष्टाचार, किसान सम्मान निधि 2 हजार रुपये की जगह 5 हजार रुपये करने, किसानों को निःशुल्क इलाज (गंभीर बीमारियों एवं दुघर्टना में), एमएसपी नीति घोषित करना, बाढ़ से पीड़ित किसानों को मुआवजा दिए जाने, बुजुर्ग आम आदमी को सरकारी दफ्तर में सम्मान देकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण करने, खाद बीज, कृषि यंत्रों, स्प्रिंकलर आदि के वितरण में पारदर्शिता लाने, बुंदेलखंड में मूंग खरीद हेतु सरकारी खरीद केंद्रों में हो रहे भ्रष्टाचार की जांच कराकर कार्रवाई करने, लोकसभा एवं विधानसभा में प्रदत्त महिला आरक्षण में पिछड़े वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण दिए जाने के अलावा अन्य समस्याओं को लेकर सभी किसानों को अब एकजुट होने की आवश्यकता है। संचालन महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अंजू शर्मा ने किया। इस दौरान अशोक पटेल सदूपुरा, श्याम किशोर, अशोक भदवा, कमलेश कुशवाहा, महाराज सिंह, सुरेंद्र कुशवाहा, संत कुमार पटेल, राजेश पटेल, शैलेंद्र प्रधान, सुशील प्रधान, राजा भैया, दयालु पाटीदार आदि मौजूद रहे।
