बेहतर पुलिसिंग कार्य पर सीओ हुए सम्मानित
कोंच। कर्तव्यनिष्ठा को भरपूर सराहना मिलती है, ये आज उस समय देखने को मिला जब विभिन्न आपराधिक घटनाओं का खुलासा करने एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए पुलिस उपाधीक्षक कोंच परमेश्वर प्रसाद को सम्मानित किया गया। मंडल मुख्यालय पर आयोजित समारोह में पुलिस उप महानिदेशक कानपुर जोन ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में सर्किल के थानों की पुलिस के सहयोग से घटनाओं का न केवल अनावरण करने बल्कि बदमाशों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल के सीखचों के पीछे भेजने का काम सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बखूबी किया। सीओ की इस कार्य कुशलता पर उन्हें मंडल मुख्यालय झांसी में आयोजित एक समारोह में पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर जोन आलोक कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके बेहतर कार्य की प्रशंसा की। इस अवसर पर डीआईजी केशव कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर में 15 मई को बड़े सर्राफा कारोबारी नवीन ज्वैलर्स की दुकान पर आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिए जाने एवं 19 जुलाई को सर्किल के थाना एट क्षेत्र में बदमाशों द्वारा ट्रक चालक की हत्या किए जाने की बड़ी घटनाएं घटित हुई थीं। उक्त दोनों घटनाओं को चुनौती की तरह स्वीकार कर गंभीरता से लेते हुए सीओ परमेश्वर प्रसाद ने कई दिनों तक कड़ी मेहनत की और सफलता हासिल की।
