लग्जरी चार पहिया वाहनों से किसानों ने निकाला जुलूस, सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान संघ ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार से किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की माँग की

उरई जालौन। भारतीय किसान संघ के आह्वान पर मंगलवार को जनपद के विभिन्न विकासखंडों में किसानों ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर जुलूस निकालते हुए खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री, कृषिमंत्री तथा जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। धरना और जुलूस की विशेषता यह रही कि किसान परंपरागत पैदल मार्च के बजाय लग्जरी चारपहिया वाहनों में बैठकर जुलूस में शामिल हुए। मुख्य धरना-प्रदर्शन का आयोजन कृषि मंडी परिसर, जालौन से प्रारंभ हुआ। यहां एकत्र हुए किसानों ने पहले अपनी समस्याओं को लेकर धरना दिया, तत्पश्चात मंडी परिसर से जुलूस प्रारंभ हुआ, जो पं. दीनदयाल उपाध्याय चौराहा, तकिया से झंडा चौराहा, तहसील रोड होते हुए देवनगर चौराहे से ब्लॉक परिसर तक पहुंचा। वहीं ब्लॉक विकास अधिकारी को एक 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में किसानों ने खाद, बीज, बिजली, पानी, कीटनाशक दवा, मुआवजा और मंडियों में कटौती जैसी प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया। प्रांत अध्यक्ष साहब सिंह चौहान ने धरना स्थल पर अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में किसानों के शोषण की घटनाएं बढ़ रही हैं। मंडियों में धान खरीद भुगतान पर दो प्रतिशत अतिरिक्त कटौती की जा रही है, साथ ही प्रति बोरा 2-4 किलो तक की अतिरिक्त कटौती भी किसानों से वसूली जा रही है। यह सीधा शोषण है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए ताकि उनकी सिंचाई कार्य प्रभावित न हों। इसके अलावा जालौन मंडी और अन्य स्थानों पर किसानों की खाद, बीज और दवाओं की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि माधौगढ़ में गन्ना मिल की स्थापना की जाए ताकि क्षेत्रीय किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा हो। साथ ही उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम एवं उद्यान विभाग के अंतर्गत उपलब्ध कराए जाने वाले बीजों में मिलावट व अत्यधिक मूल्य वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इस पर रोक लगाई जानी चाहिए। भारतीय किसान संघ के प्रभारी जिला मंत्री आनंद द्विवेदी, सह प्रभारी विष्णु सिंह चौहान, ब्लॉक मंत्री सुशील तिवारी ने कहा कि यदि किसानों को खाद, बीज और दवाओं की आपूर्ति में पुनः रुकावट आई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। धरना-प्रदर्शन में लक्ष्मीचंद्र राठौर, अमित सिंह निरंजन, वीरेंद्र सिंह रंजन, मनीष कुमार, सुरेश चंद्र, संतोष कुमार, बृज बिहारी, राकेश देवेंद्र सहित एक हजार से अधिक किसान शामिल रहे।

ज्ञापन सौंपकर किया शांति-प्रदर्शन
कदौरा। विकासखंड में भी भारतीय किसान संघ ने किसानों की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने बीडिओ को ज्ञापन सौंपकर मंडियों में कटौती, खाद व बीज की गड़बड़ी, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, नहर संचालन, सड़क-पुल निर्माण, बीमा प्रीमियम अवधि बढ़ाने और अतिवृष्टि से नष्ट हुई फसलों के मुआवजे की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान न हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

9 सूत्रीय मांगों का सौपा ज्ञापन
माधौगढ़। विकासखंड कार्यालय में भी मंगलवार को भारतीय किसान संघ ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष विश्राम सिंह चौहान, ब्लॉक मंत्री रामौतार द्विवेदी और प्रभारी जिला सह मंत्री रवीन्द्र सिंह राजावत ने 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों पर किसानों को समय से खाद नहीं मिल रही, बीज केंद्रों पर उपलब्धता नहीं है और बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण फसलों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने क्षेत्र की सड़कों और नालियों की बदहाली की ओर भी ध्यान दिलाया। उनका कहना था कि खरीफ फसल के दौरान जो कठिनाइयाँ आईं, वही कठिनाइयाँ अब रबी फसल में न हों। प्रदर्शन में शिवराज सिंह, करण सिंह, शंकर सिंह, हरी सिंह, भूप सिंह, चरन सिंह, जयराम पाल, शिवप्रताप सिंह, सोनू, देव सिंह, सत्येंद्र दीक्षित, ओम प्रकाश, शिव सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
फोटो 11
फोटो परिचय-खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते किसान एवं समस्याओं से अवगत कराते क्षेत्रीय किसान नेता

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x