- हत्या की आशंका जता रहे परिजन, पुलिस को है पीएम रिपोर्ट का इंतजार
- घर के आंगन से लेकर कमरे तक पड़े मिले खून के निशान, अलमारी में पड़ा मिला सुसाइड नोट
- कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर सनेता का मामला
कोंच। ग्राम रामपुर सनेता में अधेड़ का लहूलुहान शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। घर के आंगन से लेकर कमरे तक खून पड़ा मिला है। शरीर में भी किसी नुकीली चीज के निशान है और घाव से खून निकला है। शव के पास अलमारी में सुसाइड नोट व पेन पड़ा मिला। पुलिस पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहने को कह रही है। मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। बताया गया कि मृतक पुत्रवधू के साथ रहता था उसके दोनों बेटे बाहर धंधा पानी करते हैं। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर सनेता निवासी कमलेश (50) अपने बड़े बेटे संजय की बहू के साथ रहता था। वह राज्यमित्री का काम भी करता था। उसका बड़ा बेटे संजय व छोटा बेटा रिंकू अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं। मंगलवार की सुबह कमलेश का शव खून से लथपथ घर के आगे वाले हिस्से के कमरे में पंखे के हुक में पड़ी रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका था और कमरे के गेट खुले थे। सुबह 7 बजे के करीब पुत्रवधू अंदर वाले हिस्से के कमरे से बाहर आई और उसने कमरे में ससुर का शव लटकता देखा तो चीखती हुई घर के बाहर आई और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने यूपी 112 को फोन लगाया पर लगा नहीं तो परिजन ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल अजीत सिंह मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। एसओजी व फील्ड यूनिट भी बुला लिया गया। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए हैं। मृतक के शरीर में किसी नुकीली चीज के निशान हैं जिनसे खून टपक रहा था। घर के आंगन में भी खून के निशान पड़े मिले हैं। आंगन में रखी चारपाई की रस्सी कटी पड़ी थी और उसमें भी खून के निशान लगे मिले हैं। उसी चारपाई की रस्सी से शव लटकता मिला है। बताया गया कि कमलेश पिछले कई महीनों से अपना पक्का मकान निर्माण कर रहा था। सोमवार की शाम को खाना खाकर अपने कमरे में चला लगा था।
सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि शव के पास अलमारी में सुसाइट नोट मिला है। जिसे फारेंसिक जांच हेतु भिजवाया जा रहा हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
कोंच। फंदे पर लटकते कमलेश जाटव के शव के पास अलमारी से जो सुसाइड नोट मिला है उसमें लिखा है मेरी मौत के लिए कोई दोषी नहीं हैं, मेरे बच्चों को परेशान न किया जाए। लेकिन पुलिस हर विंदु पर जांच कर रही है।
