उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल पंवार ने मंगलवार को जिला कारागार उरई का साप्ताहिक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर निरुद्ध बंदियों से बातचीत की, उनकी समस्याओं को विस्तार से जाना और जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्रीमती पंवार ने उन बंदियों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जिनकी जमानत सक्षम न्यायालय से स्वीकृत हो चुकी है, परंतु जमानतदार न मिलने के कारण वे रिहा नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि ऐसे बंदियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में भेजी जाए, ताकि उनकी शीघ्र रिहाई के लिए प्रभावी पैरवी की जा सके। साथ ही जिन बंदियों की आर्थिक स्थिति कमजोर है, उनकी जमानत राज्य सरकार की ओर से जिला अधिकार प्राप्त समिति जालौन के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए। सचिव ने कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया और वहां उपस्थित बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. तारा सहजानन्द से प्राप्त की। उन्होंने महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों की चिकित्सा, पोषण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया। बाल कारागार का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रत्येक किशोर बंदी से अलग-अलग जानकारी ली और निर्देश दिया कि जिन विचाराधीन बंदियों के पास निजी अधिवक्ता नहीं हैं या न्यायालयों में उचित पैरवी नहीं हो पा रही है, उन्हें तत्काल विधिक सहायता प्रदान की जाए। यदि किसी बंदी को सरकारी खर्च पर अधिवक्ता की आवश्यकता है, तो उसके लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कराया जाए ताकि एमाइकस क्यूरी (न्यायमित्र) की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो बंदी दोषसिद्ध हो चुके हैं और जिनकी अपील दाखिल नहीं हो पाई है, उनके मामलों में जेल अपील नियमानुसार तत्काल कराई जाए तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय बनाकर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर कारापाल प्रदीप कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. तारा सहजानन्द, उपकारापाल अमर सिंह व रामलखन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन के लिपिक शुभम शुक्ला उपस्थित रहे। निरीक्षण कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने किया उरई जिला कारागार का साप्ताहिक निरीक्षण
