- म्यूजिकल ग्रुप ने प्रस्तुत कीं रंगारंग झांकियां, कालपी व कोंच विधायक ने किया उद्घाटन
कोंच। कोंच की सत्रह दशक से भी अधिक पुरानी ऐतिहासिक रामलीला के 173वें महोत्सव में सोमवार की आधी रात रामलीला भवन पर श्रीराम का राज्याभिषेक गाजे-बाजे के साथ संपन्न हुआ, गुरु वशिष्ठ के रूप में नमन चतुर्वेदी ने प्रभु श्रीराम और माता जनकनंदिनी को उच्च सिंहासन पर प्रतिष्ठित कर उनका राज तिलक किया और आरती उतारी। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सांवरिया म्यूजिकल ग्रुप ग्वालियर की टीम ने रंगारंग झांकियां प्रस्तुत कर ऑडियंस की वाहवाही बटोरी। इस कार्यक्रम का उद्घाटन कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी व कोंच विधायक मूलचंद्र निरंजन ने फीता काट कर किया। विधायक द्वय ने भगवान राम का चरित्र आत्मसात करने का संदेश दिया। इसी के साथ रामलीला महोत्सव का समापन हो गया।

रात भर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और लोगों ने भव्य और अनुपम राम दरबार की छवि अपनी आंखों में बसाई। रामलीला के पदाधिकारियों ने मंगलवार प्रात: वेला में सभी पांचों मूर्तियों को भावपूर्ण विदाई देकर उनके घरों को रवाना किया। धर्मादा रक्षिणी सभा द्वारा संचालित कोंच की 173 वर्ष पुरानी रामलीला में सोमवार की रात्रि श्रीराम राज्याभिषेक संपन्न हुआ। तत्पश्चात् भगवान के सभी चारों सजीव श्रीविग्रहों की आरती उतारी गई, उपस्थित लोगों ने पुष्प बर्षा की। चारों वेदों ने ब्राह्मण वेश में आकर प्रभु श्रीराम का गुणगान किया, भगवान शंकर राम दरबार में उपस्थित हुए और आनंदित होकर नृत्य किया। तत्पश्चात् प्रभु श्रीराम ने लंका विजय के बाद साथ आए विभीषण, सुग्रीव, अंगद, निषादराज गुह, जामवंत, नल, नील आदि को सुंदर वस्त्राभूषण और अनेकानेक उपहार देकर विदा किया। इस परम आनंद के क्षण में बैंड बाजे बजे और गोले दाग कर नगरवासियों को श्रीराम राज्याभिषेक का समाचार मध्य रात्रि में ही दिया गया। गोलों की आवाजें सुन कर नगरवासियों का रामभवन पर आने का तांता लग गया। उन्होंने पांचों मूर्तियों का तिलक कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। मंगलवार की सुबह दरबार का विसर्जन कर रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने सभी मूर्तियों को उपहार और दक्षिणा देकर भावपूर्ण विदाई दी। इसी के साथ रामलीला महोत्सव का विधिवत समापन हो गया। इस दौरान धर्मादा अध्यक्ष विजय गुप्ता भोले, मंत्री विनोद दुवे लौना, रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रधव मिश्रा, मंत्री आशीष कुशवाहा, केशव बबेले, पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, पीडी रिछारिया, संजय सोनी, दिलीप अग्रवाल, संतोष तिवारी, राघवेंद्र तिवारी, संजीव सरस, पवन अग्रवाल, रामसहाय सेठ, अमित नगाइच, संजय सिंघाल, दिनेश अग्रवाल, दीपक मिश्रा, भोले अग्रवाल, गुड्डन पाटकार, उज्जवल तिवारी, सागर अग्निहोत्री, रंजीत कुशवाहा, शिवांग दुवे आदि रहे।
