एक नई प्रेरणा बनकर उभरा “आत्मविश्वासी नारी, सुरक्षित नारी, स्वाभिमानी नारी


उरई जालौन। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने आज रानी लक्ष्मीबाई सभागार, विकास भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिला ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, स्वास्थ्य विभाग की आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं, पुलिस विभाग की महिला आरक्षियों तथा बेसिक शिक्षा विभाग की अध्यापिकाओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की सशक्त यात्रा है। उन्होंने कहा कि शासन की सभी विभागीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हर कर्मचारी और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। महिलाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। जिलाधिकारी ने महिलाओं से कहा कि वे अपने आस-पास की अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी जागरूक करें ताकि कोई भी महिला भय या असहायता की स्थिति में न रहे। उन्होंने कहा आज की नारी सिर्फ सशक्त नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन की प्रेरणा बन चुकी है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सिंहपुरा बबली देवी, वन स्टॉप सेंटर की जूली खातून एवं समाजसेवी शकुंतला यादव ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने सामाजिक चुनौतियों का सामना कर स्वयं को स्थापित किया और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनीं। उनके अनुभवों ने उपस्थित महिलाओं को आत्मविश्वास और साहस से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति हैं। पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या हिंसा की स्थिति में महिलाएं बेहिचक हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें सरकार और पुलिस सदैव उनके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप वर्मा, डीडीओ निशान्त पाण्डेय, सीओ अर्चना सिंह सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति मौजूद रही।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x