जिला स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी 21 नवंबर को रूरा मल्लू में होगी आयोजित


उरई जालौन। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब जालौन द्वारा जिला स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन आगामी 21 नवंबर 2025 को किया जाएगा। यह प्रदर्शनी कृषि विज्ञान केंद्र, रूरा मल्लू में प्रातः 10:00 बजे से आरंभ होगी, जिसकी अध्यक्षता जालौन के जिलाधिकारी महोदय करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को नवप्रवर्तन के महत्व से अवगत कराना और असंगठित क्षेत्र के इनोवेटर्स को एक मंच प्रदान करना है। जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रदर्शनी में ऐसे लोग भाग ले सकते हैं जिन्होंने अपने दैनिक जीवन या कार्यक्षेत्र में कोई मौलिक नवाचार किया है। इसमें असंगठित क्षेत्र के किसान, कारीगर, मजदूर, शिल्पकार, मिस्त्री, परंपरागत उपचार विधि अपनाने वाले वैद्य, सामान्य विद्यार्थी तथा बिना प्रोफेशनल डिग्री वाले आविष्कारक शामिल होंगे। प्रदर्शनी में दिखाए जाने वाले नवाचारों में, जुगाड़ आधारित, मशीनें या उपकरण, परिवहन से जुड़े सुधार, घरेलू उपयोग की वस्तुओं में नवाचार, जैव विविधता का सृजनात्मक उपयोग, पौधों की नई प्रजातियाँ हर्बल औषधियाँ और जड़ी-बूटियाँ, ऊर्जा उत्पादन तथा संरक्षण उपकरण, ग्रामीण व शहरी समस्याओं के रचनात्मक समाधान
शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नवप्रवर्तन को बढ़ावा देना है, ताकि अधिक से अधिक लोग नवाचार की दिशा में प्रेरित हों। साथ ही, जनपद के असंगठित क्षेत्र से कम से कम एक इनोवेटर के पेटेंट कार्य को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। जिन व्यक्तियों ने कोई अभिनव कार्य किया है, वे अपना पंजीकरण मोबाइल नंबर 9415943583 पर भेज सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को 21 नवंबर को अपने मॉडल या आविष्कार प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। पुरस्कारों में प्रथम पुरस्कार ₹8000, द्वितीय ₹5000, तृतीय ₹3000, तथा पाँच सांत्वना पुरस्कार के रूप में ₹2000 दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए जाएंगे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x