
* कोंच-पहाड़गांव रोड से घुसिया संतोषी माता मंदिर तक 270 लाख की लागत से बनेगा 7 मीटर चौड़ा रोड
कोंच। कोंच-पहाड़गांव रोड से घुसिया मोड़ स्थित संतोषी माता मंदिर तक की जर्जर सड़क के दिन जल्द ही बहुरेंगे। शासन ने 2.40 किमी के इस टुकड़े के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण पर 270 लाख की लागत आएगी। चौड़ा करके इसे 7 मीटर का बनाया जाएगा। कोंच-पहाड़गांव रोड से पिंडारी की ओर निकलने वाली सड़क समय के थपेड़ों और गुणवत्ता विहीन होने के कारण अपना अस्तित्व लगभग खो ही चुकी है। इस जर्जर सड़क पर आवागमन काफी कठिनाइयों भरा है, बारिश में तो इसकी हालत और भी खराब हो जाती है। पिछले दिनों आई बाढ़ में तो इस सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया था। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने भी इसका अवलोकन किया था और इसके निर्माण की जरूरत बताई थी। विधायक मूलचंद्र निरंजन की सार्थक पहल पर पीडब्लूडी द्वारा पूर्व में सड़क का प्रस्ताव बना कर शासन को भेजा गया था जिसे शासन ने पास कर उसके निर्माण के लिए पैसा भी भेज दिया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया के बाद काम शुरू होने की उम्मीद की जा सकती है। गौरतलब है कि इस छोड़े से टुकड़े से क्षेत्र भर के लोगों को भारी परेशानी हो रही थी। एई पीडब्ल्यूडी नंदकिशोर ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार से शासनादेश हो गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जाएगा।