
भारतीय मानवाधिकार एशोसिएशन के तत्वाधान में होगा संचालित
उरई। जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला अधिवक्ता संघ के सयुक्त सचिव नेहा निरंजन अधिवक्ता भवन के चेंबर नंबर 6 में मैच माइंड विवाह पूर्व परामर्श केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला न्यायाधीश एवं सत्र न्यायालय उरई के न्यायिक अधिकारियों द्वारा फीता काटकर किया गया। यह परामर्श केंद्र भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के तत्वाधान में संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य विवाह से पूर्व आवश्यक समझ, आपसी संवाद और कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना है।
अपर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय प्रवीन कुमार पाण्डेय तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल पँवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। दोनों अधिकारियों ने विवाह पूर्व परामर्श की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में वैवाहिक विवादों की जड़ अक्सर संवादहीनता और कानूनी जानकारी के अभाव में होती है। ऐसे में यह केंद्र युवा दंपतियों को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करेगा।
तो वहीं भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग चन्द्रवंशी और प्रदेश महासचिव संजय यादव ने मैच माइंड विवाह पूर्व परामर्श के मूल कॉन्सेप्ट के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में वैवाहिक जीवन से जुड़े तनावों, गलतफहमियों और कानूनी जटिलताओं को कम करने में सहायक सिद्ध होगी। परामर्श केंद्र में प्रशिक्षित सलाहकारों द्वारा विवाह पूर्व अपेक्षाओं, अधिकारों, दायित्वों और मानसिक स्वास्थ्य के विषय में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जिला विधिक सचिव नेहा निरंजन एवं जिला प्रभारी एड संजीव कुमार दीक्षित ने भी परामर्श केंद्र की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य केवल विवाह पूर्व परामर्श तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में विधिक जागरूकता को भी मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ताओं, परामर्शदाता प्रियंका द्विवेदी और अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विधिक सचिव नेहा निरंजन ने कहा कि भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन की जालौन इकाई सदैव मानव अधिकारों की रक्षा और विधिक सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की कानूनी जानकारी या वैवाहिक परामर्श चाहता है, तो वह मैच माइंड परामर्श केंद्र में आकर अपनी समस्या साझा कर सकता है।