लखनऊ जाते समय हिरासत में लिए गए कांग्रेसी, आंदोलन का समय निकलने के बाद छोड़ा गया

सरकार की नीतियों के विरोध में आंदोलन करता रहूंगा: अनुज मिश्रा

उरई। लखनऊ में आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दो पूर्व जिलाध्यक्षों सहित कई नेताओं को कोतवाली में बैठाया गया, जबकि एक पूर्व जिलाध्यक्ष को घर से ही नहीं निकलने दिया। समय गुजरने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। सरकार की नीतियों के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने लखनऊ में प्रदर्शन आयोजित किया था। सभी जिलों से नेताओं का लखनऊ बुलाया गया था। जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेसी लखनऊ जाने वाले थे। पुलिस कल से ही  कांग्रेस के नेताओं की गतिविधियों पर नजर गड़ाए थी। मंगलवार को कांग्रेस के नेता इंटरसिटी से लखनऊ जाने के लिए स्टेशन पहुंचे। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी लगी तो रेलवे स्टेशन पहुंच कर पुलिस ने पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा, चौधरी श्यामसुंदर, रेहान सिद्दीकी, राजेश मिश्रा, अमित पांडेय पूर्व प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस को हिरासत में ले लिया। सभी को पुलिस ने कोतवाली लाकर बैठा दिया। इधर पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र शुक्ला को पुलिस ने घर में ही नजर बंद कर दिया। समय निकलने के बाद सभी कांग्रेसी नेताओं को छोड़ दिया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश  सरकार  किसान और व्यापारियों के साथ अन्याय कर रही है ।दोनों सरकारे ऐसी योजनाओं को ला रही है जिससे किसी का भला होने वाला नहीं है। सरकार आंदोलन करने वालों पर पुलिस का पहरा बैठा रही है। संविधान में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार दिया गया है लेकिन केंद्र और प्रदेश की सरकार संविधान में मिले अधिकारों का हनन करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता झुकने वाला नहीं है। सरकार की गलत नीतियों का हम लोग विरोध करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि हम लोग प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर आंदोलन में भाग लेने के लिए लखनऊ जा रहे थे रास्ते में ही हम लोगों को रोक लिया गया। जगह-जगह कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोका गया है। कांग्रेस के इस आंदोलन से सरकार घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगे जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए आंदोलन करती रहेगी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x