
18 फरवरी से शुरू हो रही है परीक्षाएं, 8 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए
उरई। बुधवार से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने जा रही है। हाईस्कूल और इंटर के 38 हजार 318 छात्र परीक्षा में बैठेंगे। 72 परीक्षा केंद्रों में 8 को संवेदनशील घोषित किए गए है। इन केंद्रों की विशेष निगरानी की जाएगी। बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और शांति पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल एवम इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा को निष्पक्ष, नकल विहीन और शांति पूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।जिले में दो पालियों में परीक्षाएं आयोजित होंगी। पहली पाली सुवह 8:30 से 11:45 तक तथा दूसरी पाली 2 बजे से शाम 5:15 आयोजित होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित के अनुसार हाई स्कूल के 19070 छात्र छात्राएं तथा इंटरमीडिएट के 19248 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा संचालन के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में गठित समिति ने जिले में 72 परीक्षा केंद्र निर्धारित किये है। प्रशासन ने इनमें से 8 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित किये है जहाँ विशेष निगरानी की जाएगी। निगरानी के लिए राजकीय इंटर कॉलेज उरई में कंट्रोल रूम बनाया गया जहाँ से सीसीटीवी कैमरों से जिले भर के परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जायेगी। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, तथा 72 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गये है। इसके अलावा 6 सचल दल, और मंडलीय स्तर की टीमें भी नियमित निरीक्षण करेंगी। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की विशेष निगरानी कराने की व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। परीक्षार्थियों की अच्छे से तलाशी लिए जाने के निर्देश दिए गए है ताकि अंदर कोई आपत्ति जनक सामग्री न पहुंचा पाए। जो स्कूल परीक्षा केंद्र बनाए गए वहा सभी उपयुक्त व्यवस्थाएं की गई है। कुल मिलाकर जिला प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए अभेद तैयारियों का किला तैयार किया है।