
कोंच तहसील की बताई जा रही है घटना, होमगार्डों द्वारा की गई पिटाई का वीडियो वायरल
कोंच। खाकी की खुलेआम गुंडई की शर्मनाक तस्वीरें सामने आई हैं। होमगार्ड के जवानों ने एक युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। युवक के साथ हो रही मारपीट का वीडियो कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो कोंच तहसील परिसर का बताया जा रहा है, तहसील में तैनात होमगार्ड जवानों की यह करतूत बताई जा रही है। जिस युवक की पिटाई हो रही है वह दिमागी तौर पर कमजोर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तहसीलदार की सुरक्षा में लगे होमगार्ड जवानों ने मानसिक रूप से कमजोर युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी। वीडियो में युवक को जमीन पर गिराकर मारते हुए साफ देखा जा सकता है, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। घटना जनपद जालौन के कोंच तहसील परिसर की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।