नाबालिग बच्चों को भी पीटा, पुलिस से की शिकायत
कोंच। कस्बे के जयप्रकाश नगर मोहल्ले में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महिला ने अपने जेठ पर शराब के नशे में घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, बच्चों के साथ अभद्रता और बाइक में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने रविवार रात पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जयप्रकाश नगर निवासी अनीता वंशकार पत्नी भूपेंद्र वंशकार के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 बजे वह घर पर मौजूद थीं। तभी उनका जेठ सुरेश वंशकार शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब उसके नाबालिग बच्चे बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। महिला का कहना है कि जाते समय आरोपी ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देगा। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। रविवार रात करीब 8 बजे अनीता वंशकार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विमलेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।