पहलगाम आतंकी हमले की घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति में तुर्किये ने पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किया। इसे लेकर ‘अनुपमा’ फेम अभिनेत्री रुपाली गांगुली का गुस्सा फूटा है। उन्होंने भारतीयों और भारतीय सितारों से तुर्किये की यात्रा न करने की अपील की है। साथ ही तुर्किये को बॉयकॉट करने का आग्रह किया है।
रूपाली गांगुली ने आज मंगलवार 13 मई को अपने एक्स अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) से एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा है, ‘क्या हम सभी प्लीज तुर्किये के लिए अपनी बुकिंग रद्द कर सकते हैं? यह मेरा सभी भारतीय सेलेब्स/इन्फ्लुएंसर्स/यात्रियों से अनुरोध है। भारतीय होने के नाते हम कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं’।
रुपाली गांगुली को अपने इस पोस्ट पर नेटिजन्स का समर्थन मिल रहा है। अधिकांश यूजर्स उनसे सहमत दिख रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स का गुस्सा कपूर और खान स्टार्स पर फूट रहा है। एक यूजर ने लिखा, ‘हम कपूर और खान को स्टार नहीं मानते’। एक यूजर ने लिखा, ‘आपकी बात से सहमत हैं। अगर अब भी कोई तुर्किये जाएगा तो वह देशद्रोही होगा’।




