- घर में घुसकर लाठी डंडों से मारपीट करने के आरोप में 12 लोगों पर एफआईआर दर्ज
कोंच। कैलिया थाने के ग्राम पीपरी कलां में घर के दरवाजे पर खड़ी बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी डंडों से मारपीट कर दी जिससे कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस ने 12 लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मिली जानकारी के मुताबिक पीपरी कलां गांव में हिम्मत सिंह नामदेव पुत्र रामस्वरूप की बाइक उसके घर के बाहर दरवाजे पर खड़ी थी। मंगलवार की रात गांव के ही राघवेंद्र गुर्जर अपना ट्रेक्टर लेकर आया और बाइक हटाने के लिए उसने हिम्मत से कहा। बाइक हटाने में थोड़ी देर क्या हुई, ट्रैक्टर से बाइक में ठोकर मार दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद राघवेंद्र अपने परिजनों के साथ हिम्मत के घर में घुस गया और लाठी डंडों से मारपीट कर हिम्मत, कमलेश व एक महिला को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर पक्ष के चार लोगों को मौके से पकड़ लिया। घायलों का मेडिकल कराते हुए पुलिस ने राघवेंद्र सिंह गुर्जर, उत्तम सिंह, राजकुमार, बल्लू, शिवनारायण, राहुल, आशीष, रोहित, बालजी, अर्पित, अंशु और राम के विरुद्ध धारा 115(2), 151(2), 281, 324, 333, 351(2), 352 में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए चार लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया गया है।




