- खाली समय में रात का लाभ उठा रहा एंबुलेंस का स्टाफ
कोंच। कोंच में देर रात 108 एंबुलेंस से सवारी ढोई जा रही हैं जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक बार में आठ से दस सवारियों को बैठा कर उनको स्टैंड तक छोड़ा जा रहा है। वीडियो वायरल के बाद एंबुलेंस कर्मचारोयों में हड़कम्प मचा हुआ है। कोंच सीएचसी की 108 एंबुलेंस का सवारियों को ढोता हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें उरई से सवारियां बैठा कर कोंच में सीएचसी के आगे कस्बे के मार्कंडेयश्वर तिराहा स्थित आपे स्टैंड पर सवारियां उतारी जा रही हैं। वीडियो देर रात का बताया जा रहा है। जिसमें से महिला, पुरुष व बच्चों सहित आठ से दस लोग उतरे जा रहे है। लेकिन समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद एंबुलेंस कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम ज्योति सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है अगर सवारियां ढोई जा रही है तो मामले की जांच कराकर लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई कराई जाएगी।
इंसेट में-
देर रात कोंच के लिए साधन न होने से मिल जाती हैं सवारियां
कोंच। शाम होते ही कोंच के लिए कहीं से कोई साधन नहीं है। जिसके कारण एंबुलेंस को देर रात सड़क किनारे सवारियां मिल जाती हैं। इस तरह सवारियों को ढोना एंबुलेंस कर्मचारियों के लिए बढ़िया साइड बिजनेस बन गया है जिससे कुछ न कुछ कमाई तो हो ही जाती है।
इंसेट में-
आफत में सवारियों की जान, चालक ने नशे में लहराई एंबुलेंस
कोंच। एंबुलेंस में बैठने वाली सवारियों की जान एक बारगी तो हलक में अटक गई जब नदीगांव रोड पर नवीन गल्ला मंडी के गेट नंबर तीन के पास बुधवार की दोपहर 108 एंबुलेंस चालक ने नशे की हालत में एंबुलेंस गाड़ी सड़क पर लहरा दी। जिससें आस पास किनारे खड़े लोग व वाहन बाल बाल बच गए। इलाकाई लोगों ने रोक कर एंबुलेंस चालक को समझाया और नशे में एंबुलेंस चलाने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत करने को कहा। इलाकाई लोगों ने बताया कि एंबुलेंस चालक नशे में एंबुलेंस चला रहा था जिससे हादसा होते होते बच गया।




