एंबुलेंस कर्मियों की करतूत, घर छोड़ने के पैसे मांगे प्रसूता से

  • प्रसव के बाद घर जाना था प्रसूता को, महिला ने लगाया एंबुलेंस कर्मियों पर रुपए मांगने का आरोप
  • जब हो-हल्ला ज्यादा मचा तो माफी मांगी और फिर घर तक छोड़ने गई एंबुलेंस 

कोंच। एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों द्वारा रात के समय कभी सवारियां ढोने तो कभी सीएचसी से आने जाने के लिए मरीजों से रुपए मांगने की घटनाएं आए दिन देखने सुनने को मिल रहीं हैं। अभी पिछले दिनों एंबुलेंस से सवारियां ढोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई थी, इसके बाद भी ये कर्मचारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार को भी एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया जिसमें प्रसव कराने सीएचसी आई महिला को घर छोड़ने के एवज में रुपए मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सदूपुरा निवासी विद्या देवी अपनी गर्भवती भतीजी शिवानी को लेकर सीएचसी आई थी। शनिवार को शिवानी ने बच्चे को जन्म दिया जिसके बाद उसकी सीएचसी से छुट्टी कर दी गई। आरोप है कि घर छोड़ने के लिए शिवानी से एंबुलेंस कर्मियों ने रुपयों की मांग की जिसको लेकर शिवानी ने हो-हल्ला करते हुए उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत कर दी। शिवानी ने मीडिया को बताया कि जब उसने रुपए नहीं दिए तो संबंधित एंबुलेंस कर्मी एक अन्य महिला से रुपए लेकर उसको उसके घर तक छोड़ने चला गया और वह सीएचसी में ही खड़ी रह गई। वहीं मामले ने जब तूल पकड़ा तो एंबुलेंस कर्मियों ने शिवानी के समक्ष अपनी गलती स्वीकार की और फिर उसे एंबुलेंस से उसके घर तक छोड़ने गए।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x