उरई जालौन। जनपद जालौन जिले के मुख्यालय उरई में पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत जब्त किए गए 934.160 किलोग्राम गांजे को विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया गया। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और झांसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने किया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की निगरानी में यह पूरा अभियान संपन्न हुआ। कोतवाली उरई क्षेत्र में जब्त गांजे को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई की इन्सुलेटर भट्टी में जलाया गया। इस मौके पर एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार, सीओ नगर अर्चना सिंह, कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार राय व एसपीओ जालौन मौजूद रहे। पुलिस का यह अभियान नशा तस्करी रोकने और आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक सख्त कदम है।
ऑपरेशन क्लीन: 934 किलो गांजा नष्ट, 2.5 करोड़ की कीमत का नशीला पदार्थ जला





